राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने हाल ही में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को लेकर अजीब बयान दिया था, जिसमें उन्होंने हिमंत को योगी का चीनी संस्करण बता दिया था. तेजस्वी के उसी बयान पर अब असम के सीएम ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि जिसे जो बोलना है बोले, लोगों की टिप्पणियों के आधार पर हमारा काम नहीं रुकेगा और हमारा काम आगे बढ़ता ही रहेगा.
बता दें कि बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने असम विधानसभा में जुमे की नमाज के लिए 2 घंटे के ब्रेक को खत्म करने के फैसले को लेकर हिमंत बिस्वा सरमा पर निशाना साधा था और असम सीएम पर खबरों में बने रहने के लिए "सस्ती लोकप्रियता" हासिल करने का आरोप लगाया था.
तेजस्वी यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि असम के मुख्यमंत्री (Himanta Biswa Sarma) सस्ती लोकप्रियता चाहते हैं और खबरों में बने रहना चाहते हैं... उन्होंने योगी और हिमंत पर नशाना साधते हुए कहा था कि (यूपी के सीएम) योगी आदित्यनाथ बुलडोजर का इस्तेमाल कर रहे हैं और वह (असम के सीएम) नमाज रोक रहे हैं, देश सबका है, यहां शांति होनी चाहिए, लेकिन ये लोग सिर्फ नफरत फैला रहे हैं.
इस दौरान तेजस्वी ने असम सीएम पर हमला करते हुए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का परोक्ष संदर्भ देते हुए उन्हें "योगी का चीनी संस्करण" बता दिया था, जिसपर काफी बवाल हुआ था. आरजेडी नेता ने कहा था कि असम के मुख्यमंत्री जानबूझकर मुसलमानों को परेशान करने के लिए काम करते रहते हैं, ताकि सस्ती लोकप्रियता हासिल की जा सके और "योगी का चीनी संस्करण" बन सकें.
आरजेडी नेता ने कहा था कि BJP के लोगों ने नफरत फैलाने, मोदी-शाह का ध्यान आकर्षित करने और समाज का ध्रुवीकरण करने के लिए मुस्लिम भाइयों को आसान निशाना बनाया है. उन्होंने कहा था कि RSS को छोड़कर सभी धर्मों के लोगों का देश की आजादी में हाथ है. हमारे मुस्लिम भाइयों ने देश को आजादी दिलाने में बलिदान दिया है और जब तक हम यहां हैं, कोई भी उन्हें नुकसान नहीं पहुंचा सकता.
वहीं RJD सांसद मनोज झा ने इस विवाद में तेजस्वी यादव का समर्थन किया था. उन्होंने कहा था कि तेजस्वी यादव ने जो कहा, वह कुछ ऐसा है जो लोग रोज़ कहते हैं. जब हम कहते हैं कि कोई चीज़ "चीनी माल" है, तो इसका मतलब है कि वह टिकाऊ नहीं है...उन्होंने यह बात डॉग-व्हिसल पॉलिटिक्स, ध्रुवीकरण की राजनीति के संदर्भ में कही. जहां तक शब्दों की गरिमा का सवाल है, आप 'भैंस', 'मंगलसूत्र' और 'मुजरा' को कहां रखते हैं?.
RJD नेता की टिप्पणियों की BJP ने आलोचना की थी और पार्टी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा था कितेजस्वी यादव ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा 'चीनी संस्करण' हैं. सिर्फ इसलिए कि उनका जन्म असम में हुआ है. क्या सैम पित्रोदा की आत्मा तेजस्वी यादव में प्रवेश कर गई है?... संविधान का सम्मान न करना और हर व्यक्ति का अपमान करना इंडी गठबंधन का चरित्र है.