बेंगलुरु: कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने एक सनसनीखेज आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि उनका और केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन का स्टिंग ऑपरेशन करने की कोशिश की गई. दावा है कि यह कोशिश सिर्फ कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों पर हुई, न कि भाजपा या एनडीए सहयोगी मुख्यमंत्रियों पर.
मीडिया को दिए इंटरव्यू में डीके शिवकुमार ने बताया कि उनसे मिलने आए एक उद्योगपति ने मेटा स्मार्ट ग्लास (कैमरे वाले चश्मे) पहने हुए थे. इससे उन्हें शक हुआ. उद्योगपति ने पहले व्यापार की बात की, फिर बातचीत को राजनीति और बूथ-लेवल रणनीतियों की ओर मोड़ दिया.
शक के बाद जांच
सीएम ने कहा कि चश्मा और बातचीत के रुख में बदलाव देखकर उन्होंने अधिकारियों से उस व्यक्ति का बैकग्राउंड चेक करवाया. जानकारी में सामने आया कि उसी व्यक्ति ने केरल के सीएम वीडी सतीशन से मुलाकात के दौरान भी वही मेटा चश्मा पहना था. लेकिन आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस और एक केंद्रीय मंत्री से मिलते समय उसने चश्मा नहीं पहना.
डीके शिवकुमार ने व्यक्ति की पहचान नहीं बताई और न ही रिकॉर्डिंग का कोई प्रमाण सार्वजनिक किया. उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने सावधानी बरती है, लेकिन डिटेल अभी सार्वजनिक नहीं की जा रही. “आपको बस पता नहीं है. हम इसे सार्वजनिक नहीं कर रहे हैं. बाकी सावधानियों के सभी उपाय कर लिए गए हैं.”
मंत्रियों को चेतावनी
सीएम ने अपने कैबिनेट सहयोगियों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि सरकार एक परिवार की तरह है और मुखिया होने के नाते उन्हें मंत्रियों को जागरूक करना पड़ता है. “जब समय आएगा, मैं वही कहूंगा जो कहना जरूरी है. अभी बोलने का समय नहीं है.” यह आरोप सिद्धारमैया से जुड़े कथित स्टिंग ऑपरेशन विवाद के बीच लगाए गए हैं, जिसमें कांग्रेस और विपक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं.