औरैया : उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में शादी समारोह के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब दुल्हन ने जयमाला के समय दूल्हे को देखकर शादी करने से साफ इनकार कर दिया. मामला अछल्दा थाना क्षेत्र के दिवरिया गांव का है, जहां शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और बारात धूमधाम से पहुंची थी.
बताया जा रहा है कि जयमाला के दौरान दुल्हन मनीषा ने दूल्हे किशन को देखा और कहा कि वह उससे शादी नहीं करेगी. परिजनों ने उसे काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने फैसले पर अडिग रही. इसी दौरान दुल्हन के भाई और दूल्हे पक्ष के लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई.
सूचना मिलते ही अछल्दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया. इसके बाद काफी देर तक पंचायत चली, जिसमें रिश्तेदारों और गांव के लोगों ने समझौता कराने का प्रयास किया. हालांकि, दुल्हन ने शादी से इनकार का फैसला नहीं बदला.
आखिरकार बिना फेरे और बिना शादी के ही बारात को वापस लौटना पड़ा. घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराकर मामला शांत करा दिया गया है. किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है. इसलिए कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है.