अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित राजश्री दशरथ मेडिकल कॉलेज में एक छात्र द्वारा कथित तौर पर बम बनाने की विधि लिखे जाने का मामला सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) भी जांच में जुटी हुई हैं.
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर निवासी सरफराज मेडिकल कॉलेज में लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत है और प्रथम वर्ष का छात्र भी बताया जा रहा है. उसकी देर रात लैब में ड्यूटी थी. आरोप है कि ड्यूटी के दौरान उसने बम बनाने से संबंधित डायग्राम और उसकी विधि लिखी थी. सुबह जब अन्य कर्मचारी और छात्र लैब पहुंचे तो उनकी नजर इस आपत्तिजनक सामग्री पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि सरफराज ने कथित तौर पर फिल्म द लीजेंड ऑफ भगत सिंह देखकर बम बनाने की प्रक्रिया से जुड़े नोट तैयार किए थे. पुलिस को उसके लैपटॉप से भी फिल्म से संबंधित कुछ सामग्री मिलने की बात कही जा रही है. हालांकि, जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि मामला केवल फिल्म से प्रेरित नोट्स तक सीमित है या इसके पीछे कोई अन्य उद्देश्य भी था.
पुलिस आरोपी का मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और डिजिटल गतिविधियों की गहन जांच कर रही है. इसके अलावा घटना के समय लैब में मौजूद तीन अन्य लोगों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके.
फिलहाल पुलिस, आईबी और एटीएस सभी पहलुओं पर जांच कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा और यदि किसी प्रकार की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि सामने आती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.