Ayodhya Ram Mandir Latest News : अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है . सूत्रों के मुताबिक अब मंदिर परिसर में तैनात करीब 400 निजी सुरक्षाकर्मी भी जांच एजेंसियों के रडार पर हैं. उनकी ड्यूटी, रोस्टर, सीसीटीवी फुटेज, एंट्री-एग्जिट रिकॉर्ड और चढ़ावे के आवागमन के दौरान उनकी भूमिका की बारीकी से जांच की जा रही है.
जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि केंद्र और राज्य सरकार की सुरक्षा व्यवस्था मौजूद होने के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में निजी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती क्यों की गई थी. सूत्रों का दावा है कि जिस निजी सुरक्षा कंपनी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी, उस पर ट्रस्ट हर महीने करीब एक करोड़ रुपये खर्च करता था, यानी सालाना लगभग 12 करोड़ रुपये निजी सुरक्षा पर खर्च किए जा रहे थे. कंपनी के एक आरएसएस से जुड़े पूर्व सांसद से संबंध होने के दावों की भी जांच के दौरान पड़ताल की जा रही है.
सूत्रों के अनुसार अब जांच सिर्फ चढ़ावे की गिनती तक सीमित नहीं है. यह भी देखा जा रहा है कि दान-पात्र से गिनती कक्ष तक चढ़ावे के परिवहन के दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन हुआ या नहीं. साथ ही यह भी जांच का विषय है कि क्या कुछ लोगों को बिना पर्याप्त जांच के संवेदनशील क्षेत्रों में आने-जाने की अनुमति दी गई थी.
हालांकि, इन सभी दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और जांच जारी है. एजेंसियां बैंकिंग प्रक्रियाओं के पालन, ट्रस्ट की निगरानी व्यवस्था, निजी सुरक्षाकर्मियों की भूमिका और सुरक्षा पर हुए करोड़ों रुपये के खर्च समेत पूरे प्रबंधन तंत्र की जांच कर रही हैं. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और अहम तथ्य सामने आ सकते हैं.