नई दिल्ली: बांग्लादेश के 25 साल के उभरते हुए तेज गेंदबाज तोफैल अहमद रायहान पर शादी का झूठा वादा देकर बार-बार दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है. ढाका पुलिस ने उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है, जिसमें साफ तौर पर कहा गया है कि तोफैल ने एक युवती को भावनात्मक रूप से अपने जाल में फंसाया और फिर उसका यौन शोषण किया. अगर कोर्ट में आरोप साबित हुए तो न सिर्फ लंबी जेल हो सकती है, बल्कि उनका क्रिकेट करियर भी हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा.
दोनों की मुलाकात फेसबुक पर हुई थी. बातचीत बढ़ी, रिश्ता गहरा हुआ. पहले तो युवती ने तोफैल के प्रेम प्रस्ताव को ठुकरा दिया, लेकिन जब उसने शादी का पक्का वादा किया तब वह मान गई. इसके बाद तोफैल उसे ढाका के गुलशन इलाके के एक लग्जरी होटल में ले गया. वहां उसने होटल स्टाफ और दूसरों से उसे अपनी पत्नी बताकर परिचय कराया और मौका मिलते ही कथित तौर पर पहली बार जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए. उसने बार-बार शादी का भरोसा देकर कई महीनों तक शोषण जारी रखा. लेकिन जैसे ही लड़की ने शादी की तारीख तय करने की बात की, तोफैल मुकर गया और रिश्ता तोड़ने की धमकी देने लगा.
आखिरकार तंग आकर युवती ने 1 अगस्त को गुलशन थाने में केस दर्ज कराया. पुलिस ने महिला एवं बाल उत्पीड़न निवारण अधिनियम की धारा 9(1) के तहत मुकदमा चलाया. जांच में होटल की बुकिंग, चैट हिस्ट्री, मेडिकल रिपोर्ट, गवाहों के बयान और डिजिटल सबूत जुटाए गए. सब-इंस्पेक्टर एमडी सामियुल इस्लाम ने कोर्ट में चार्जशीट सौंपते हुए सभी आरोपों को सही ठहराया.
हालांकि सितंबर में हाई कोर्ट ने तोफैल को छह हफ्ते की अंतरिम जमानत दे दी थी, लेकिन जमानत की शर्त के मुताबिक उन्हें तय तारीख पर ट्रिब्यूनल में सरेंडर करना था. सूत्रों के अनुसार उन्होंने ऐसा नहीं किया, जिससे अब उनकी कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं. क्रिकेट जगत में यह खबर आग की तरह फैल रही है. कई लोग इसे बांग्लादेश क्रिकेट के लिए काला धब्बा बता रहे हैं. आने वाले दिनों में कोर्ट का जो भी फैसला आएगा, तोफैल अहमद रायहान का भविष्य उसी पर निर्भर करेगा.