बांकीपुर उपचुनाव मतदान! फर्जी वोटिंग का आरोप, BJP का चुनाव आयोग को खत!

Amanat Ansari 30 Jul 2026 11:40: AM 1 Mins
बांकीपुर उपचुनाव मतदान! फर्जी वोटिंग का आरोप, BJP का चुनाव आयोग को खत!

पटना: बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर आज उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है. सुबह 7 बजे से शुरू हुए वोटिंग में BJP प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा, RJD की रेखा गुप्ता और जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है. वोटिंग शुरू होते ही विवाद की शुरुआत हो गई.

बिहार BJP के राज्य महासचिव नितिन अभिषेक ने जनसुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं पर फर्जी वोट डालने का गंभीर आरोप लगाते हुए रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र लिखा है. पत्र में सख्त EPIC आईडी वेरिफिकेशन और वोटर लिस्ट से नाम मिलान की मांग की गई है. BJP का कहना है कि गैर-मौजूद मतदाताओं के नाम पर फर्जी वोटिंग की तैयारी चल रही थी, जिसे रोका जाए.

सुबह 9 बजे तक करीब 4.5-4.6% मतदान दर्ज किया गया. कई बूथों पर कतारें लगीं तो कुछ जगहों पर शुरुआती घंटों में रफ्तार धीमी रही. युवाओं की कम भागीदारी और हल्की बारिश ने भी शुरुआती वोटिंग प्रभावित की. पूरे क्षेत्र में 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 3.80 लाख मतदाता 25 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे.

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. 5 हजार पुलिसकर्मी और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है. BJP नेताओं ने NDA की प्रचंड जीत का भरोसा जताया है, जबकि प्रशांत किशोर ने भी अपनी जीत पर भरोसा व्यक्त किया. RJD उम्मीदवार रेखा गुप्ता भी मैदान में पूरी ताकत झोंक रही हैं. जदयू विधायक श्याम रजक ने कहा, "एकतरफा चुनाव है, कोई संघर्ष नहीं."

BJP नेताओं ने विकास, सुरक्षा और निरंतरता का मुद्दा उठाया. मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा. नतीजे आने के बाद साफ होगा कि बांकीपुर की जनता किसके पक्ष में फैसला देती है. यह उपचुनाव बिहार की सियासत के लिए काफी अहम माना जा रहा है. 

Bankipur Voting Bankipur by election Nitin Nabin

Recent News