सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचूक ने सोशल मीडिया पर खुद का एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह भारतीय रेल की तारीफ करते नजर आ रहे हैं। वीडियो के कैप्शन में सोनम वांगचूक लिखते हैं, "मुझे भारतीय रेलवे पर गर्व है। भारत सरकार के वादों पर भी गर्व करना चाहता हूं।" वह वीडियो में अपने हाल ही में दिल्ली-श्रीनगर के सफर का अनुभव शेयर करते हैं, जो उन्होंने वंदे भारत से तय किया था।
वह वीडियो में कहते हैं, "जैसा कि मैंने आप लोगों से कहा था, हम लद्दाख के लिए निकल रहे हैं। हम रेलगाड़ी से निकले। यह मेरा सबसे पसंदीदा यातायात साधन है। दिल्ली से श्रीनगर तक वंदे भारत की जो सेवा शुरू की गई है, उस पर मेरा इस बार पहला अनुभव था। मैं चिनाब पर बने पुल को भी देखना चाहता था। बहुत ही खूबसूरत अनुभव रहा। मुझे भारतीय रेल पर बहुत गर्व है।"
अपनी वीडियो में वांगचूक कहते हैं कि एक दिन कश्मीर में रुकने के बाद वह लद्दाख के लिए बढ़ रहे हैं। वह संसद में परीक्षा सुधार बिल पर खुशी जताते हैं और उम्मीद करते हैं कि सुधार सिर्फ परीक्षाओं तक सीमित न रहें, बल्कि शिक्षा प्रणाली में भी दिखें।
सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचूक केंद्र सरकार से छात्रों पर कार्रवाई न करने और एफआईआर वापस लेने के वादे पर कायम रहने का आग्रह करते हैं। वीडियो के अंत में सोनम वांगचूक राष्ट्र निर्माण और महान भारत बनाने की बात करते हैं।