बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में एक युवती ने दो बच्चों के पिता अरबाज पर पहचान छिपाकर प्रेमजाल में फंसाने, साथ रहने के दौरान आपत्तिजनक वीडियो बनाने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया है. पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने खुद को बॉबी नाम से परिचित कराया और शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ किराए के कमरे में रखा. बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है.
युवती के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपी ने उसके निजी वीडियो का डर दिखाया और उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया. आरोप है कि उसे एक दरगाह पर ले जाकर जबरन कलमा भी पढ़वाया गया. पीड़िता ने कहा कि जब उसे सच्चाई का पता चला तो उसने आरोपी से दूरी बनाने की कोशिश की, लेकिन उसे लगातार धमकियां मिलती रहीं.
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी अरबाज के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि युवती के आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और पीड़िता के बयान समेत अन्य सबूतों को भी खंगाला जा रहा है.