कोलकाता: पश्चिम बंगाल CID ने भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है. हालांकि, अभी तक किसी की औपचारिक गिरफ्तारी नहीं हुई है. CID की टीम इन लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की गहन जांच में जुटी हुई है.
शुभेंदु अधिकारी के भाई दिव्येंदु अधिकारी ने एनडीटीवी से बातचीत में इस बात की पुष्टि की. दिव्येंदु ने कहा, “एक मां ने अपना बेटा खो दिया है. उनकी गोद सूनी हो गई है. हम उन्हें निराश नहीं करेंगे. नई सरकार बनते ही इस मामले में उचित न्याय सुनिश्चित किया जाएगा.”
उन्होंने इस हत्या को सुनियोजित साजिश बताया. दिव्येंदु ने बताया कि चंद्रनाथ रथ अक्सर शुभेंदु के साथ रहते थे और घटना वाले दिन भी संभवतः उनके साथ ही थे. उन्होंने कहा, “हम हर संभव प्रयास करेंगे और चंद्रनाथ की मां को पूरा न्याय दिलाएंगे.”
दिव्येंदु अधिकारी ने चंद्रनाथ रथ को ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति बताया. उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से उन्हें जानते थे. चंद्रनाथ ने भारतीय वायुसेना में कई वर्षों तक सेवा दी थी, जिसके बाद वे शुभेंदु अधिकारी के साथ काम करने लगे थे.
बाइक का सुराग मिला
जांच एजेंसियों को पता चला है कि हत्या में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल दक्षिण आसनसोल के बर्नपुर क्षेत्र से जुड़ी हुई है. WB44D1990 नंबर वाली इस बाइक का रजिस्ट्रेशन पश्चिम बर्धमान के आरटीओ कार्यालय में हुआ था. सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार, बाइक के मालिक का नाम विभाष कुमार भट्टाचार्य है और उनके पिता का नाम बीबी भट्टाचार्य बताया गया है. इस बाइक का रजिस्ट्रेशन 4 मई 2012 को कराया गया था. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और जल्द ही बड़े खुलासे की उम्मीद है.