बंगाल चुनावी हिंसा: प्रियंका तिबरेवाल समेत कई भाजपा कार्यकर्ता घायल, कई थानों का घेराव

Amanat Ansari 14 Apr 2026 09:32: PM 2 Mins
बंगाल चुनावी हिंसा: प्रियंका तिबरेवाल समेत कई भाजपा कार्यकर्ता घायल, कई थानों का घेराव

नई दिल्ली: बंगाल में विधानसभा चुनाव का प्रचार जोरों पर चल रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राहुल गांधी और ममता बनर्जी समेत सभी बड़े नेता लगातार रैलियां और सभाएं कर रहे हैं. मंगलवार को राज्य के कई इलाकों में टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और मारपीट की घटनाएं हुईं. इनमें कई लोग घायल भी हुए. पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को काबू में किया.

पूर्वी कोलकाता के ढापा क्षेत्र में यह विवाद तब शुरू हुआ जब भाजपा प्रत्याशी प्रियंका तिबरेवाल वार्ड 58 में प्रचार कर रही थीं. लाउडस्पीकर पर गाने बजाने को लेकर शुरू हुआ बहस जल्दी ही हाथापाई में बदल गया. पुलिस ने बताया कि उन्होंने तुरंत हस्तक्षेप किया और प्रियंका तिबरेवाल सहित भाजपा कार्यकर्ताओं को उस इलाके से बाहर निकाला.

प्रियंका तिबरेवाल ने आरोप लगाया कि उनके एक कार्यकर्ता को बुरी तरह पीटा गया, जिसे अस्पताल में भर्ती करना पड़ा. उन्होंने तंगरा और प्रगति मैदान थाने के अधिकारियों को निलंबित करने की मांग की. उन्होंने कहा कि टीएमसी कार्यकर्ता भाजपा लोगों को डरा-धमका रहे हैं ताकि 29 अप्रैल को निष्पक्ष मतदान न हो सके.

उन्होंने यह भी कहा कि प्रचार की अनुमति होने के बावजूद उनके कार्यकर्ताओं को रोका जा रहा है और निष्पक्ष चुनाव के लिए केंद्रीय बलों की सही तैनाती जरूरी है. वहीं टीएमसी प्रत्याशी संदीपन साहा ने इन आरोपों से इनकार किया. उन्होंने कहा कि भाजपा खुद तनाव पैदा कर रही है और मतदाताओं को बांटने की कोशिश कर रही है. उन्होंने सलाह दी कि कोई भी शिकायत सीधे निर्वाचन आयोग को करनी चाहिए.

वराहनगर थाने का घेराव

उत्तर कोलकाता के वराहनगर इलाके में भी झड़प हुई. भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर दिया. भाजपा प्रत्याशी सजल घोष ने आरोप लगाया कि सभा से लौट रहे उनके चार समर्थकों पर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हमला किया और उन्हें बुरी तरह पीटा. दूसरी तरफ टीएमसी प्रत्याशी सायंतिका बंद्योपाध्याय ने इसे भाजपा की आंतरिक लड़ाई बताया और कहा कि सजल घोष ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं.

फालाकाटा में हमला

अलीपुरदुआर जिले के फालाकाटा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार दीपक बर्मन पर प्रचार के दौरान हमला हुआ. कादंबिनी चाय बागान इलाके में कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया. उनके ड्राइवर को गंभीर चोट आई और उसका सिर फट गया. यह दूसरी बार है जब दीपक बर्मन पर हमला हुआ है. इससे पहले देवगांव इलाके में भी उनके एक कार्यकर्ता घायल हो चुका था.
इन सभी घटनाओं से बंगाल में चुनावी माहौल काफी तनावपूर्ण दिख रहा है. दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर हिंसा भड़काने का आरोप लगा रही हैं.

Bengal Election 2026 Bengal Clash Tmc BJP Clash

Recent News