कोलकाता: पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े संदिग्ध मॉड्यूल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. बर्धमान से संदिग्ध आतंकी मोहम्मद हमीम मोंडल की गिरफ्तारी के ठीक बाद STF ने पड़ोसी राज्य झारखंड के साहिबगंज जिले से एक महिला को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार महिला की पहचान अर्पिता सरकार के रूप में हुई है. उसे साहिबगंज के बरहरवा इलाके से हिरासत में लिया गया. STF ने उसे पूर्व बर्धमान लाकर स्थानीय अदालत में पेश किया है. जांच अधिकारियों के अनुसार, अर्पिता सरकार और मुख्य आरोपी हमीम मोंडल के बीच लगातार वॉट्सऐप पर बातचीत हो रही थी. STF ने दोनों के बीच हुई चैट्स बरामद की हैं.
STF का दावा है कि अर्पिता का इस्तेमाल पश्चिम बंगाल के प्रभावशाली राजनीतिक चेहरों और वीआईपी नेताओं (भाजपा नेताओं सहित) तक पहुंच बनाने और उनकी निजी जानकारी जुटाने के लिए किया जा रहा था. अधिकारियों का मानना है कि पूरे नेटवर्क में उसे ‘हनी-ट्रैप’ के हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था, ताकि टारगेट किए गए लोगों को फंसाकर संवेदनशील जानकारी हासिल की जा सके.
इससे पहले गुरुवार को STF ने बर्धमान शहर की एक हाउसिंग सोसायटी में स्थित किराए के फ्लैट से मोहम्मद हमीम मोंडल को गिरफ्तार किया था. एजेंसियों को संदेह है कि मोंडल पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI समर्थित नेटवर्क का हिस्सा था. उसका मकसद पश्चिम बंगाल में आतंकी गतिविधियों का आधार तैयार करना, नए कैडर भर्ती करना और प्रमुख राजनीतिक हस्तियों की गतिविधियों पर नजर रखना था.
मोंडल का पैतृक घर पूर्व बर्धमान जिले के मोंटेश्वर थाना क्षेत्र के दिर्घानगर गांव में है. हाल ही में वह परिवार के साथ बर्धमान के किराए के मकान में शिफ्ट हुआ था. STF अधिकारी ने बताया, ''हम बरामद डिजिटल साक्ष्यों और वॉट्सऐप चैट्स का गहन विश्लेषण कर रहे हैं. मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि एकत्रित जानकारी का इस्तेमाल किसी बड़े हमले या साजिश के लिए होना था या नहीं.'' दोनों की गिरफ्तारी से इस संदिग्ध मॉड्यूल के अंतरराज्यीय नेटवर्क और साजिश की गहराई के बारे में और खुलासे होने की उम्मीद है. जांच जारी है.