टेलीविजन इंडस्ट्री से एक बुरी खबर सामने आई है. पॉपुलर टीवी शो ''भाबी जी घर पर हैं'' फेम एक्टर फिरोज खान का आज हार्ट अटैक निधन हो गया है. फिरोज खान का निधन उत्तर प्रदेश के बदायूं में हुआ है. फिरोज खान बदायूं में थे और अपने अपकमिंग शोज की तैयारी कर रहे थे.
उन्होंने बदायूं क्लब में वोटर महोत्सव में 4 मई को आखिरी परफॉर्मेंस दी थी, जिसे काफी पसंद किया गया था. बता दें कि एक्टर फिरोज खान, लीजेंड्री एक्टर अमिताभ बच्चन की मिमिक्री कर फेमस हुए थे. वो भाबी जी घर पर हैं शो में अकसर उनका गेटअप लेकर उनकी नकल उतारा करते थे.
इसके अलावा वो एंड टीवी के शो जीजा जी छत पर हैं का भी हिस्सा रहे हैं. उनके टीवी शोज में साहिब बीवी और बॉस, हप्पू की उल्टन पल्टन भी शामिल हैं. टीवी शोज के अलावा फिरोज खान अदनान समी के गाने थोड़ी सी तो लिफ्ट करा दे में भी नजर आए हैं.
ज्ञात रहे कि फिरोज खान सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थे. उनके इंस्टाग्राम पर एक लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे. उन्होंने बीते दिन अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से दो वीडियो पोस्ट किए थे.