पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के चाचा और चचेरे भाई BJP में शामिल

Amanat Ansari 11 May 2026 06:55: PM 1 Mins
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के चाचा और चचेरे भाई BJP में शामिल

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को अपने ही परिवार से करारा राजनीतिक झटका लगा है. उनके चाचा बलजिंदर सिंह और चचेरे भाई ज्ञान सिंह मान ने भाजपा का दामन थाम लिया है. सोमवार को चंडीगढ़ में पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ की मौजूदगी में ज्ञान सिंह मान को पार्टी में शामिल किया गया. इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उपस्थित थे और उन्होंने नए सदस्यों का स्वागत किया.

ज्ञान सिंह मान पहले आम आदमी पार्टी के लिए लोकसभा और विधानसभा चुनावों में प्रमुख रणनीतिकार रहे हैं. वह अक्सर भगवंत मान सरकार की नीतियों की आलोचना करते रहे हैं, खासकर पंजाब में आई बाढ़ प्रबंधन को लेकर. कुछ दिनों पहले ही मान सरकार ने उनके चाचा बलजिंदर सिंह के ढाबे की रसोई बंद करवा दी थी, जिसके बाद उन्होंने भी सरकार पर हमला बोला था.

भाजपा का आया बयान

पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि पार्टी पंजाब में अपनी जड़ें मजबूत कर रही है और ऐसे नए सदस्य पार्टी को और ताकत देंगे. हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने इस घटना को पंजाब में भाजपा की बढ़ती ताकत बताते हुए अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान पर तीखा हमला बोला. यह घटनाक्रम पंजाब की राजनीति में हलचल मचाने वाला माना जा रहा है, क्योंकि यह सीएम भगवंत मान के घरेलू मोर्चे पर भाजपा की सेंध के रूप में देखा जा रहा है.

Punjab Punjab CM Bhagwant Mann Gian Singh Mann inducted in BJP

Recent News