Bharat Tiwari Encounter News : बिहार के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले ने अब सियासी रंग पकड़ लिया है. भोजपुर जिले में हुए इस एनकाउंटर को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं और विपक्षी दलों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी जांच की मांग कर रहे हैं. इसी बीच जेडीयू के गोपालगंज के कुचाईकोट से बाहुबली विधायक पप्पू पांडेय करीब 200 गाड़ियों के काफिले के साथ भरत तिवारी के पैतृक गांव पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया.
अमरेंद्र उर्फ पप्पू पांडेय ने कहा कि भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर कई तरह के सवाल सामने आ रहे हैं. यदि किसी व्यक्ति ने आत्मसमर्पण किया था या उसे कानून के दायरे में गिरफ्तार किया जा सकता था, तो फिर एनकाउंटर की नौबत क्यों आई, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी अपराधी का समर्थन करना नहीं, बल्कि कानून के शासन और निष्पक्ष न्याय की मांग करना ह.
विधायक ने परिजनों से मुलाकात के बाद कहा, हम इंसाफ की लड़ाई लड़ेंगे. अगर कहीं भी अन्याय हुआ है तो उसे सामने लाने का काम करेंगे. परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा. उनके गांव पहुंचने के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद रहे, जिससे इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई.
भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर पहले से ही पुलिस की कार्रवाई पर बहस जारी है. परिजन और समर्थक इसे फर्जी एनकाउंटर बता रहे हैं, जबकि पुलिस अपने एक्शन को कानून सम्मत बता रही है. ऐसे में पप्पू पांडेय की एंट्री ने इस मामले को और अधिक चर्चा में ला दिया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।