पटना : बिहार के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर सियासत लगातार गरमाती जा रही है. अब प्रशांत किशोर ने सरकार को सीधी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर 15 दिनों के भीतर भरत तिवारी को न्याय नहीं मिला तो जनसुराज के कार्यकर्ता पटना पहुंचकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का घेराव करेंगे.
प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि भरत तिवारी की मौत को लेकर जनता के बीच गंभीर सवाल हैं और सरकार को पारदर्शी तरीके से जवाब देना चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो जनसुराज राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ेगा. यह बयान ऐसे समय आया है जब एनकाउंटर को लेकर विपक्ष के साथ-साथ सत्ता पक्ष के कई नेताओं ने भी सवाल उठाए हैं.
गौरतलब है कि भोजपुर के शाहपुर में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर के बाद मामले ने पूरे बिहार में राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है. भरत तिवारी की मां की शिकायत पर एसडीपीओ, थानाध्यक्ष समेत कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।
बढ़ते राजनीतिक दबाव और जनाक्रोश के बीच बिहार सरकार ने मामले की न्यायिक जांच के आदेश भी दिए हैं. वहीं बिहार पुलिस ने जांच के दौरान प्रक्रिया में चूक होने की बात स्वीकार की है, जिससे विवाद और गहरा गया है.
अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट और सरकार की अगली कार्रवाई पर है. यदि आने वाले दिनों में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो भरत तिवारी मामला बिहार की राजनीति का सबसे बड़ा जनआंदोलन बन सकता है.