स्टील प्लांट में करोड़ों की लोहा चोरी, BJP नेता गिरफ्तार, 250 टन लोहा बरामद

Global Bharat 02 Aug 2026 12:10: PM 1 Mins
स्टील प्लांट में करोड़ों की लोहा चोरी, BJP नेता गिरफ्तार, 250 टन लोहा बरामद

नई दिल्ली : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सामने आए भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के बहुचर्चित लोहा चोरी कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता भास्कर मुदलियार को गिरफ्तार किया है. जांच एजेंसियों के अनुसार, मुदलियार पर आरोप है कि वह प्लांट से चोरी किए गए लोहे के स्क्रैप को बेहद कम कीमत पर खरीदकर अपने गोदामों में जमा करता था. यह मामला भिलाई स्टील प्लांट के भीतर लंबे समय से चल रहे कथित संगठित स्क्रैप चोरी नेटवर्क से जुड़ा बताया जा रहा है.

पुलिस के मुताबिक, 6 मई 2026 से अब तक भास्कर मुदलियार के कब्जे से करीब 250 टन लोहा स्क्रैप बरामद किया गया है, इसके अलावा कार्रवाई के दौरान उसकी JCB मशीन, हाइड्रा, कई ट्रक, दो हाइवा और अन्य संपत्तियां भी जब्त की गई हैं. जब्त की गई चल-अचल संपत्ति की कुल कीमत लगभग 3.22 करोड़ रुपये आंकी गई है.

जांच में यह भी सामने आया है कि इस कथित गिरोह को प्लांट के अंदर से मदद मिल रही थी. अब तक इस मामले में प्लांट के महाप्रबंधक (GM), सहायक महाप्रबंधक (AGM) सहित कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, इससे पहले पुलिस ने जीएम समेत कई अधिकारियों को पूछताछ के बाद हिरासत में लिया था.

चोरी के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं. मामले की जांच के बाद CISF के 7 जवानों को निलंबित किया गया है. पुलिस का मानना है कि चोरी का यह नेटवर्क कई महीनों से सक्रिय था और स्क्रैप को फ्लाई ऐश (राख) या अन्य सामग्री के नीचे छिपाकर प्लांट से बाहर निकाला जाता था, ताकि सुरक्षा जांच से बचा जा सके.

पुलिस अब पूरे आर्थिक नेटवर्क की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि चोरी के इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है और आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है.

Bhilai Steel Plant Scrap Theft BJP Leader Bhaskar Mudaliyar Arrest Chhattisgarh Iron Scrap Scam BSP Scrap Theft Case Bhilai Steel Plant News

Description of the author

Recent News