पटना: बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के साथ जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ बिना किसी देरी के कड़ी कार्रवाई की जाए. सीएम सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना के अधिवेशन भवन में जिला पदाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ एक विशेष बैठक की.
इस दौरान उन्होंने साफ निर्देश दिए कि ऐसे संवेदनशील मामलों में अपराधी की तस्वीर पर पीड़ित या मृतक बच्ची की 13वीं करने से पहले ही माला चढ़ा दी जाए. साथ ही तुरंत मुकदमा दर्ज कर चार्जशीट दाखिल की जाए और कोर्ट के जरिए अपराधी को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलवाई जाए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों और महिलाओं पर अत्याचार करने वाले क्रूर अपराधियों के खिलाफ प्रशासन और पुलिस को बिना किसी हिचक के सख्त एक्शन लेने की पूरी छूट है. उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी तरह की नरमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
अधिकारियों के लिए सख्त निर्देश
सम्राट चौधरी ने डीएम और एसपी को साफ चेतावनी देते हुए कहा कि सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक वे अपने कार्यालय में अनिवार्य रूप से मौजूद रहें. इस दौरान जनता की शिकायतें सुनी जाएं और उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए. उन्होंने अपने 27 वर्षों के अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि अगर सही सोच और मानसिकता वाले अधिकारी जिला स्तर पर तैनात किए जाएं, तो ज्यादातर समस्याएं खुद-ब-खुद 75 प्रतिशत तक हल हो जाती हैं.
व्यापारियों और निवेशकों को सुरक्षा
मुख्यमंत्री ने हर जिले में औद्योगिक केंद्र विकसित करने की बात कही और अन्य राज्यों से आने वाले उद्योगपतियों व व्यापारियों को पूर्ण सुरक्षा मुहैया कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि हर निवेशक के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए, जो उन्हें सभी जरूरी सहायता और सुविधाएं उपलब्ध कराए.
इसके अलावा उन्होंने स्मार्ट पुलिसिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अपराध डेटा विश्लेषण और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी जोर दिया. डायल 112 सेवा को अधिक प्रभावी बनाने के लिए भी कदम उठाने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी घटना पर पुलिस की प्रतिक्रिया तेज हो सके.
कानून-व्यवस्था में कोई समझौता नहीं
सम्राट चौधरी ने साफ कहा कि कानून और व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई और दो महीने बाद फिर से समीक्षा बैठक बुलाने की घोषणा की. बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित कई वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.