पटना : बिहार के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए TRE-4 के तहत 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता साफ कर दिया है. शिक्षा विभाग ने इन पदों के लिए अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी है. माना जा रहा है कि आयोग जल्द ही भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर सकता है.
सरकार के अनुसार, इस भर्ती का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करना, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना और युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है. यह भर्ती राज्य की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है.
पदों के वर्गवार विवरण की बात करें तो कक्षा एक से पांच के लिए 3,847 पद, कक्षा 6 से 8 के लिए 8,563 पद, कक्षा 9 से 10 के लिए 3,877 पद और कक्षा 11 से 12 के लिए सबसे अधिक 16,101 पद निर्धारित किए गए हैं. इस तरह कुल 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति TRE-4 के माध्यम से की जाएगी.
मुख्यमंत्री का कहना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार सृजन उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं. बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति से एक ओर लाखों अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा, वहीं दूसरी ओर सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई का स्तर बेहतर होने की उम्मीद है.
अब सभी की नजर बिहार लोक सेवा आयोग पर है, जो अधियाचना मिलने के बाद भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा कार्यक्रम को लेकर अगला कदम उठाएगा. शिक्षक बनने का सपना देख रहे हजारों-लाखों अभ्यर्थियों के लिए यह फैसला एक बड़ी राहत और सुनहरा अवसर माना जा रहा है.