बिजनौर : उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक कलयुगी बेटे ने सरकार से मिलने वाले 5 लाख रुपये के मुआवजे के लालच में अपनी ही मां की हत्या कर दी और इसे गुलदार (तेंदुआ) के हमले में हुई मौत बताकर सबको गुमराह करने की कोशिश की.
पुलिस के अनुसार, आरोपी बहाल सिंह ने अपनी मां वीरों देवी की खेत में गला दबाकर हत्या कर दी, इसके बाद उसने गांव में शोर मचा दिया कि खेत में काम करने के दौरान गुलदार ने उसकी मां पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई. वन विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और गुलदार की तलाश में रातभर जंगल और आसपास के इलाकों में कॉम्बिंग अभियान चलाया गया.
हालांकि, जब शव का पोस्टमार्टम कराया गया तो रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत किसी जंगली जानवर के हमले से नहीं, बल्कि गला दबाने से हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने बेटे बहाल सिंह से सख्ती से पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने बताया कि उसे जानकारी थी कि जंगली जानवर के हमले में मौत होने पर आपदा राहत के तहत 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलती है. इसी लालच में उसने मां की हत्या कर पूरी घटना को गुलदार के हमले का रूप देने की साजिश रची. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. वहीं, इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है और लोग बेटे की इस हैवानियत पर हैरानी जता रहे हैं.