बिना जांच कैसे बैठा लिया.. थाने में इंस्पेक्टर से भिड़े विधायक अनिल त्रिपाठी, 40 मिनट चली बहस, जांच शुरू

Global Bharat 17 Sep 2026 11:47 AM 1 Mins
बिना जांच कैसे बैठा लिया.. थाने में इंस्पेक्टर से भिड़े विधायक अनिल त्रिपाठी, 40 मिनट चली बहस, जांच शुरू

संतकबीरनगर : उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर के मेंहदावल थाने में मंगलवार शाम उस समय माहौल गरमा गया, जब निषाद पार्टी के विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी और थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह के बीच एक मामले में कार्रवाई को लेकर तीखी बहस हो गई. विवाद का वीडियो सामने आया है, जिसमें विधायक पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, विधायक करीब आधे घंटे से ज्यादा समय तक थाने में रहे.

पूरा मामला बेलौली गांव में बाजरे की फसल काटने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद से जुड़ा है. जानकारी के अनुसार, गांव में मंदिर की भूमि पर खड़ी बाजरे की फसल को लेकर हनुमान चौधरी और दूसरे पक्ष के बीच विवाद हुआ था. दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई. एक पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया, जिसके बाद दूसरे पक्ष ने भी मारपीट समेत अन्य आरोप लगाते हुए शिकायत दी.

विधायक अनिल त्रिपाठी इसी दूसरे पक्ष की शिकायत को लेकर थाने पहुंचे थे. विधायक का आरोप था कि पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर कार्रवाई कर दी, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया. उन्होंने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की. विधायक ने थाने से ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात भी की.

वहीं, प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह का कहना है कि दूसरे पक्ष की तहरीर की जांच के लिए तीन दिन का समय लिया गया है. जांच में आरोप सही पाए जाने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा. पहले दर्ज मामले में हिरासत में लिए गए लोगों को पूछताछ के बाद घर भेजे जाने की भी जानकारी सामने आई है. मामले की जांच सीओ ट्रैफिक को सौंपी गई है और फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है.

Sant Kabir Nagar MLA Anil Tripathi MLA and SHO dispute Mehdawal police station controversy without investigation how detained Rakesh Kumar Singh SHO

Description of the author

Recent News