Milkipur Assembly By-election: BJP ने चंद्रभान पासवान को बनाया उम्मीदवार, सपा के इस प्रत्याशी से होगा सामना

Global Bharat 14 Jan 2025 04:54: PM 1 Mins
Milkipur Assembly By-election: BJP ने चंद्रभान पासवान को बनाया उम्मीदवार, सपा के इस प्रत्याशी से होगा सामना

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट (Milkipur Assembly By-election) पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया. BJP ने यहां से चंद्रभान पासवान को अपना उम्मीदवार बनाया है. इस संबंध में BJP के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की तरफ से प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई. इसमें बताया गया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा उपचुनाव हेतु चंद्रभान पासवान के नाम पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है.

5 फरवरी को डाले जाएंगे वोट

चंद्रभान पासवान का मुकाबला समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी अजीत प्रसाद से होगा. अजीत प्रसाद समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद के पुत्र हैं. बता दें कि मिल्कीपुर उपचुनाव के लिए 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे, जबकि परिणाम 8 फरवरी को घोषित होगा. इससे पहले मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने बताया था कि उपचुनाव की निर्वाचन की अधिसूचना 10 जनवरी को जारी होगी, जिसके बाद नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे.

8 फरवरी को होगी मतगणना

नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 17 जनवरी है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 18 जनवरी को होगी. वहीं, नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 20 जनवरी तय की गई है. इसके बाद 5 फरवरी को मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी. मतगणना 8 फरवरी को होगी. निर्वाचन प्रक्रिया 10 फरवरी तक पूरी कर ली जाएगी. आयोग के निर्देश के मुताबिक चुनाव की आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है. 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में मिल्कीपुर सीट से सपा के अवधेश प्रसाद ने जीत दर्ज की थी.

2024 के लोकसभा चुनाव में सपा ने उन्हें अयोध्या संसदीय सीट से उम्मीदवार बनाया था. इसमें भी अवधेश प्रसाद ने जीत हासिल की. इसके बाद मिल्कीपुर सीट से उन्होंने त्यागपत्र दे दिया. इससे यह सीट खाली हो गई थी. भारतीय जनता पार्टी मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में जीत के जरिए लोकसभा चुनाव में मिली हार की भरपाई करने की कोशिश करेगी.

phulpur by-elections by-elections milkipur chandrabhan paswan

Description of the author

Recent News