भारतीय जनता पार्टी (BJP) आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले बुधवार को कम से कम 50 सीटों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है. पार्टी सूत्रों ने बताया कि उम्मीदवारों की पहली सूची बुधवार को जारी होने की उम्मीद है. सूत्र ने जानकारी दी है कि हम कल अधिकतम सीटों पर पहली सूची जारी करेंगे. हालांकि सभी सीटों पर चर्चा हो चुकी है.
जानकारी दी गई है कि पहले करीब 50 उम्मीदवारों की सूची जारी किया जाएगा और बाकी की घोषणा बाद में की जाएगी. इससे पहले दिन में, शाम करीब 7.30 बजे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के दिल्ली स्थित आवास पर एक अहम बैठक हुई. बैठक में BJP हरियाणा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, चुनाव सह-प्रभारी बिप्लब देव, राज्य प्रभारी सतीश पुनिया और राज्य सह-प्रभारी सुरेंद्र नागर समेत अन्य लोग शामिल हुए.
2 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, BJP हरियाणा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, चुनाव सह प्रभारी बिप्लब देव, प्रदेश प्रभारी सतीश पुनिया, प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र नागर और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मुलाकात कर प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा की.
गौरतलब हो कि हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 5 अक्टूबर को होगा और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 12 सितंबर है. मतगणना 8 अक्टूबर को होगी. 31 अगस्त को, भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) ने इस साल हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए मतदान की तारीख 1 अक्टूबर से बढ़ाकर 5 अक्टूबर कर दी, साथ ही जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभाओं के लिए मतगणना 4 अक्टूबर से बढ़ाकर 8 अक्टूबर कर दी.