'झूठे वादों को अब तगड़ी फटकार चाहिए, दिल्ली में भाजपा सरकार चाहिए', दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने लॉन्च किया सॉन्ग

Global Bharat 05 Jan 2025 08:42: PM 1 Mins
'झूठे वादों को अब तगड़ी फटकार चाहिए, दिल्ली में भाजपा सरकार चाहिए', दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने लॉन्च किया सॉन्ग

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने रविवार को अपना नया गाना लॉन्च किया है, जिसका थीम "बहाने नहीं, बदलाव चाहिए, दिल्ली में BJP सरकार चाहिए" है. इस गाने के माध्यम से BJP दिल्ली में बदलाव की बात कर रही है और जनता से पार्टी को समर्थन देने की अपील कर रही है. गाने में BJP की योजनाओं और दिल्ली में उनकी सरकार लाने के उद्देश्य को प्रमोट किया जा रहा है.

BJP ने जो नया गाना लॉन्च किया है, वह 2 मिनट 26 सेकंड का है. इस गाने का उद्देश्य दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी के संदेश को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना है. BJP के नए गाने के बैकग्राउंड वीडियो में दिल्ली की कुछ प्रमुख समस्याओं को उजागर किया गया है. इसमें बारिश के दौरान डूबती हुई दिल्ली की तस्वीरें दिखाई गई हैं, जिससे यह संदेश दिया जा रहा है कि दिल्ली में बुनियादी ढांचे की स्थिति सुधारने की आवश्यकता है.

इसके अलावा, वीडियो में पानी टैंकरों और साफ-सफाई की समस्याओं को भी प्रमुखता से दिखाया गया है. दिल्ली BJP ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर गाने को पोस्ट करते हुए लिखा है, "दंगों का दाग अब नहीं, यमुना में झाग अब नहीं, नल से पानी साफ चाहिए, कूड़े का पहाड़ अब नहीं, झूठे वादों को अब तगड़ी फटकार चाहिए. परिवर्तन हमको दिल्ली में इस बार चाहिए, दिल्ली में भाजपा सरकार चाहिए."

दिल्ली BJP ने अपना नया गाना उसी समय लॉन्च किया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्लीवासियों के लिए एक बड़ी सौगात दी. पीएम मोदी ने रव‍िवार को साहिबाबाद और न्यू अशोक नगर के बीच दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के 13 किलोमीटर लंबे हिस्से का उद्घाटन किया.

इस उद्घाटन से दिल्ली और गाजियाबाद के बीच यात्रा का समय कम होगा और यातायात में सुधार होगा, जिससे दिल्लीवासियों को सुविधा मिलेगी. इस दौरान पीएम मोदी ने नमो भारत ट्रेन में यात्रा की और बच्चों से बातचीत भी की, जिससे उनका यह कार्यक्रम और भी खास बन गया. इसके बाद पीएम मोदी ने रोहिणी में एक जनसभा को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने दिल्लीवासियों को केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों के बारे में बताया. 

bjp song delhi assembly elections delhi elections delhi assembly election 2025

Description of the author

Recent News