पटना में कथित तौर पर चेन स्नैचिंग के प्रयास का विरोध करने पर अज्ञात बदमाशों ने भाजपा नेता मुन्ना शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी है. गोलीबारी की घटना में घायल होने के बाद पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस हादसे की डीएसपी ने जानकारी दी है. मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि रविवार को उनके घर पर कोई पारिवारिक समारोह था, जिसमें शामिल होने उनके रिश्तेदार आए थे. सोमवार को कुछ रिश्तेदारों को वे ऑटो पकड़वाने घर से बाहर आए थे.
घटना पटना सिटी के एक रेस्टोरेंट के पास की बताई गई है. जानकारी मिली है कि पटना सिटी निवासी श्याम सुंदर शर्मा उर्फ मुन्ना शर्मा अपने कुछ रिश्तेदारों को ऑटो में बिठाने गए थे. इसी क्रम में बाइक सवार बदमाशों ने उनसे सोने की चेन लूटने का प्रयास किया. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने गोली चला दी. वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए. पुलिस की टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज द्वारा अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाटम के लिए एनएमसीएच अस्पताल में भेज दिया है. वहीं वारदात के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फुट पड़ा और लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया.
लोगों ने आरोप लगाया है कि पुलिस प्रशासन की लापरवाही और गश्ती दल ना होने की वजह से इस वारदात को अंजाम दिया गया है. घटना को लेकर जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि हम सब इस घटना से आहत हैं. पटना पुलिस लगी हुई है और जल्दी हत्यारों को गिरफ्तार कर लेगी. पुलिस ने इसे गंभीरता के साथ लिया है. उन्होंने आगे कहा कि बिहार की कानून व्यवस्था कई राज्यों से अच्छी है. साथ ही उन्होंने तेजस्वी यादव के क्राइम आंकड़ों को लेकर उनपर निशाना साधा.