आज पटना पहुंचेगा बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी का पार्थिव शरीर, पीएम मोदी-सीएम नीतीश ने जताया शोक

Global Bharat 14 May 2024 10:40: AM 1 Mins
आज पटना पहुंचेगा बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी का पार्थिव शरीर, पीएम मोदी-सीएम नीतीश ने जताया शोक

बीजेपी के बड़े नेता और बिहार में भारतीय जनता पार्टी की लंबे समय तक पहचान रहे दिग्गज नेता सुशील कुमार मोदी नहीं रहे. बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और राज्यसभा के पूर्व सांसद सुशील मोदी का सोमवार की रात दिल्ली में निधन हो गया था. वहीं आज दिल्ली से पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी का पार्थिव शरीर दोपहर 12 बजे पटना पहुंचेगा.

पटना एयरपोर्ट से सीधे राजेंद्र नगर स्थित निजी आवास पर लाया जाएगा. अंतिम दर्शन के बाद शव यात्रा निकाली जाएगी. भाजपा कार्यालय, विधान पार्षद होते हुए शव गुलबी घाट पहुंचेगी. यहां पर अंतिम संस्कार होगा. इसमें सीएम नीतीश कुमार, दोनों डिप्टी सीएम समेत कई वरीय नेता शामिल होंगे.

बता दें कि 72 साल के सुशील मोदी गले के कैंसर से पीड़ित थे. दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उनका इलाज चल रहा था. पिछले चार दिनों से वह एम्स में भर्ती थे. उनके निधन की खबर से बिहार ही नहीं देश की राजनीति में शोक की लहर है.

बीजेपी ने बिहार में सारे कार्यक्रम किए रद्द

भाजपा ने बिहार में आज होने वाले अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम नीतीश कुमार, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, एमपी के सीएम डॉ. मोहन यादव, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव समेत देश के सभी वरीय नेताओं ने सुशील मोदी के निधन पर शोक जताया.

Recent News