1.76 लाख बूथ पालक और 27,633 शक्ति केंद्रों के साथ BJP का 'मिशन यूपी 2027' शुरू! बंगाल मॉडल अपनाकर हैट्रिक की तैयारी

Amanat Ansari 05 Jun 2026 04:29: PM 1 Mins
1.76 लाख बूथ पालक और 27,633 शक्ति केंद्रों के साथ BJP का 'मिशन यूपी 2027' शुरू! बंगाल मॉडल अपनाकर हैट्रिक की तैयारी

लखनऊ: पश्चिम बंगाल और असम में मिली प्रचंड जीत से उत्साहित भाजपा अब उत्तर प्रदेश में बंगाल जैसी भारी बहुमत वाली जीत दोहराने के लिए मेगा ग्राउंड प्लान तैयार कर रही है. पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पूरे सूबे में 1.76 लाख बूथ पालक नियुक्त करने और 27,633 शक्ति केंद्र सक्रिय करने का बड़ा फैसला लिया है.

भाजपा का मानना है कि बंगाल चुनाव में कामयाब साबित हुआ 'माइक्रो-मैनेजमेंट' मॉडल अब यूपी में भी लागू किया जाएगा. इस रणनीति के तहत बूथ स्तर तक संगठन को चाक-चौबंद किया जाएगा.

BJP का क्या है पूरा प्लान?

  • बूथ पालक: राज्य के सभी 1,62,459 बूथों (नए SIR बूथों सहित) पर बूथ पालक नियुक्त किए जाएंगे, जो हर वोटर से लगातार संपर्क बनाए रखेंगे.
  • शक्ति केंद्र: 1,918 मंडलों में कुल 27,633 शक्ति केंद्र बनाए जाएंगे. हर शक्ति केंद्र 5-7 बूथों का समूह होगा, जिसमें एक समन्वयक अनिश्चित मतदाताओं को पार्टी के पक्ष में लाने का काम करेगा.
  • पन्ना प्रमुख: हर पन्ना प्रमुख को 30-35 वोटरों की जिम्मेदारी दी जाएगी.
  • बूथ वर्गीकरण: सभी बूथों को 'मजबूत', 'प्रतिस्पर्धी' और 'कमजोर' श्रेणी में बांटा जाएगा. कमजोर बूथों पर विशेष नजर रखी जाएगी.
  • हाइपर-लोकल प्रचार: स्थानीय मुद्दों के आधार पर बूथ स्तर पर targeted प्रचार अभियान चलाया जाएगा.
    2024 की गलतियों से सीख

पार्टी ने 2024 लोकसभा चुनाव में आई कमियों को दूर करने के लिए 61 उन विधानसभा सीटों पर विशेष फोकस करने का फैसला किया है, जहां 2017 में जीत हुई थी लेकिन 2022 में हार का सामना करना पड़ा. इन क्षेत्रों में नए सामाजिक समीकरण बनाने और बूथवार समीक्षा का काम तेज कर दिया गया है.

हाल ही में लखनऊ में हुई उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने सभी 98 संगठनात्मक जिलों के अध्यक्षों को बंगाल मॉडल को दोहराने के सख्त निर्देश दिए. भाजपा अब SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के बाद नए मतदाताओं को जोड़ने पर भी जोर दे रही है. पार्टी का लक्ष्य है कि 2027 में यूपी में न सिर्फ सत्ता बरकरार रखे बल्कि बंगाल जैसी ऐतिहासिक जीत दर्ज कराए.

Uttar Pradesh BJP UP BJP UP Chunav UP Assembly Elections 2027 UP Election

Recent News