अखिलेश को रोजा-इफ्तारी से फुर्सत नहीं! चुनाव आते ही याद आए मंदिर-गुरुद्वारे, बीजेपी सांसद का बड़ा हमला

Mukesh Kumar 24 Nov 2026 10:01 PM 2 Mins
अखिलेश को रोजा-इफ्तारी से फुर्सत नहीं! चुनाव आते ही याद आए मंदिर-गुरुद्वारे, बीजेपी सांसद का बड़ा हमला

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने अखिलेश यादव की धार्मिक गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका मन रोजा-इफ्तारी में ही लगता है, लेकिन चुनाव नजदीक आते ही उन्हें मंदिर और गुरुद्वारे याद आने लगे हैं। वहीं, भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने अखिलेश सरकार के कार्यकाल को लेकर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि उस समय सिखों की जमीनों तथा गुरुद्वारों पर कब्जे किए गए थे।

भाजपा सांसद प्रकाश पाल ने कहा कि अखिलेश यादव का असली चेहरा सनातन विरोधी है। अब चुनावी मजबूरी के चलते उन्हें मंदिरों और गुरुद्वारों में जाना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को पहले ही नकार चुकी है। पाल ने कहा कि लोग अखिलेश यादव के शासनकाल को भूले नहीं हैं। उनके मुताबिक, उस दौरान प्रदेश में दलितों, पिछड़ों और महिलाओं का शोषण हुआ। भाजपा सांसद ने सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर भी निशाना साधा।

प्रकाश पाल ने इंडी गठबंधन पर हमला बोलते हुए इसे भारत विरोधी करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गठबंधन का मकसद देश को कमजोर करना और तोड़ना है। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर चल रही खींचतान से दोनों दलों की राजनीतिक स्थिति साफ दिखाई दे रही है।

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने भी अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि जब वह मुख्यमंत्री थे, उस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई के इलाकों में सिख समुदाय का शोषण हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि सहारनपुर में गुरुद्वारे पर मुस्लिमों ने कब्जा किया था और सिखों की जमीनों को भी निशाना बनाया गया।

दिनेश प्रताप सिंह ने 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े न्याय के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव को घेरा। उन्होंने कहा कि जब कानपुर में सिख समुदाय के लोग न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे थे, तब अखिलेश यादव ने चुप्पी साधे रखी थी। भाजपा प्रवक्ता ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर तंज कसते हुए इसे 'लठबंधन' बताया। 

उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच राजनीतिक जमीन बचाने की लड़ाई चल रही है। नेता बैठकों के जरिए एक-दूसरे पर दबाव बनाने और नीचा दिखाने में जुटे हैं। भाजपा नेताओं के इन बयानों से उत्तर प्रदेश की सियासत में सपा और भाजपा के बीच जुबानी जंग और तेज होने के संकेत हैं। खासकर धार्मिक मुद्दों, सिख समुदाय और विपक्षी गठबंधन को लेकर आने वाले दिनों में राजनीतिक बयानबाजी बढ़ सकती है।

Akhilesh Yadav Prakash Pal BJP Dinesh Pratap Singh SP BJP Political War Gurudwara Controversy UP

Recent News