भीषण गर्मी के बीच दिल्ली में जल समस्या दिन प्रतिदिन गहराती जा रही है. कहीं लोगों को घंटों लाइन में लगकर पानी लेना पड़ रहा है तो कहीं पानी को लेकर मारपीट भी हो जा रही है, लेकिन दिल्ली सरकार और राज्य की विपक्षी पार्टी समस्या का समाधान न ढूंढकर एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही है. केजरीवाल सरकार जहां पड़ोसी राज्यों पर इसका ठीकरा फोड़ रही है वहीं भाजपा सिर्फ दिल्ली सरकार को जिम्मेदार बता रही है.
द्वारका में पानी को लेकर हुई मारपीट
ऐसे में दिल्ली के द्वारका से एक ऐसी खबर निकल कर सामने आई है, जिसने सभी चौंका दिया है. यहां एक सार्वजनिक नल पर पानी भरने को लेकर लोगों में मारपीट हो गई, जिसमें तीन लोग घायल भी हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालांकि दिल्ली पुलिस ने लड़ाई में सांप्रदायिक एंगल होने से इनकार कर दिया है. दिल्ली पुलिस ने कहा है कि हमें 2 पीसीआर कॉल प्राप्त हुए और दो पक्षों में मारपीट को लेकर 2 केस दर्ज किए गए. पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच पड़ताल की जा रही है.
14 जगहों पर भाजपा ने किया प्रदर्शन
इसी बीच भाजपा ने आज दिल्ली की 14 इलाकों में प्रदर्शन किया है. साथ ही भाजपा से जुड़ी महिलाओं ने छतरपुर स्थित दिल्ली जल बोर्ड कार्यालय में तोड़फोड़ और पथराव भी किया है. पत्थरबाजी की इस घटना में पूरा ऑफिस तहस-नहस हो गया है.
सांसद बांसुरी स्वराज ने AAP को घेरा
वहीं नई दिल्ली संसदीय सीट से नवनिर्वाचित भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने दिल्ली सरकार के खिलाफ आरके पुरम में प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने मटका फोड़ कर विरोध जताया और दिल्ली जल बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी की.
सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि यह बहुत ही शर्मनाक है कि पिछले 10 साल से यहां आम आदमी पार्टी की सरकार है. हर साल पानी की समस्या होती है, लेकिन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस संकट को दूर करने के लिए कुछ नहीं किया. प्रदर्शन के दौरान पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी भी मौजूद थे.
प्रदर्शन में BJP अध्यक्ष भी हुए शामिल
वहीं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर चौक पर प्रदर्शन करने पहुंचे और AAP सरकार को तुरंत सत्ता छोड़ने के लिए कहा. इस बीच दिल्ली की जल मंत्री आतिशी जल समस्या को लेकर बड़ी साजिश का आरोप लगाया है. आतिशी ने कहा कि दिल्ली की पाइप लाइन को लीक कर दिया गया है, ताकि लोगों को समय पर पानी नहीं नहीं मिल सके.
पाइपलाइन की सुरक्षा बढ़ाने की हुई मांग
जल मंत्री ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से कहा है कि दिल्ली में पाइपलाइन की सुरक्षा बढ़ाई जाए. वहीं दिल्ली के एक और मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सवाल उठाते हुए कहा है कि आखिर पाइपलाइन को कौन फोड़ रहा है, इसकी जांच होनी चाहिए. इन तमाम सवाल-जवाब के बीच एक बात तो स्पष्ट है कि दिल्ली की जनता को जल संकट से दूर-दूर तक कोई समाधान होता नहीं दिख रहा है.