नई दिल्ली: पहले सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी, उसके बाद पीएम मोदी ने देश को संबोधित किया, और अब बीजेपी ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर नया प्लान बनाया है, देशभर में 13 मई से 23 मई के बीच तिरंगा यात्रा निकाले जाने की ख़बर सामने आई है.
संबित पात्रा ने दी जानकारी
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ये जानकारी दी है कि सेना ने इस ऑपरेशन को सफल बनाया, ऑपरेशन सिंदूर में राफेल विमानों की अहम भूमिका रही, हमारे सभी पायलट सुरक्षित लौटे हैं. जिस हिसाब की कार्रवाई सेना ने की है, उसने साफ कर दिया है पाकिस्तान का कोई भी कोना हमसे अछूता नहीं है. केन्द्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अलग-अलग जगहों पर इस तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करेंगे.
राष्ट्रभक्ति का संदेश फैलाना है उद्देश्य
खास बात ये होगी कि इस यात्रा में आम नागरिकों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी. ये यात्रा एक न्यूट्रल बैनर के तले निकाली जाएगी, हालांकि बीजेपी के नेता शामिल होंगे, कार्यकर्ता शामिल होंगे तो झंडा नजर आ सकता है. लेकिन देशभर में राष्ट्रभक्ति का संदेश फैलाने और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का किस्सा घर-घर पहुंचाने के मकसद से इस यात्रा को निकालने का फैसला लिया गया है.
संबित पात्रा, विनोद तावड़े को बड़ी जिम्मेदारी
इस आयोजन को सफल बनाने के लिए संबित पात्रा, विनोद तावड़े और तरुण चुग को जिम्मेदारी दी गई है. 10 दिन तक चलने वाले इस यात्रा की खास बात ये होगी कि गांव-गांव तक ये बताया जाएगा कि पाकिस्तान ने जिन बहनों के सिंदूर उजाड़े, उसके जवाब में भारत ने कैसे आतंकियों का हेडक्वार्टर उजाड़ डाला, हालांकि इस यात्रा को लेकर कई लोग सवाल भी उठा सकते हैं, जो शुरुआत से ये कह रहे थे कि बीजेपी इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने में लगी है, उन्हें इस यात्रा से भी तकलीफ हो सकती है.