चौकी में दरोगा के सामने भाजपा महिला कोषाध्यक्ष ने युवक को जड़ दिए थप्पड़, वीडियो वायरल

Amanat Ansari 09 Jul 2026 05:37: PM 1 Mins
चौकी में दरोगा के सामने भाजपा महिला कोषाध्यक्ष ने युवक को जड़ दिए थप्पड़, वीडियो वायरल

सुल्तानपुर: यूपी के सुल्तानपुर में भाजपा महिला नेता की दबंगई का एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. खुद को जिला कोषाध्यक्ष बताने वाली गीता गुप्ता उर्फ पूजा कसौधन ने पुलिस चौकी के अंदर एक युवक को थप्पड़ मार दिए. इस दौरान उन्होंने कहा, "शासन-प्रशासन मेरा है... तुम मर जाओगे, कोई पूछने वाला नहीं मिलेगा."

घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के शाहगंज चौकी की है. पूजा कसौधन ने एक मकान के एग्रीमेंट को लेकर विवाद में एक युवक अरुण पर पीछा करने का आरोप लगाया. उन्होंने युवक को पकड़कर चौकी ले जाकर पुलिस को सौंपा और शिकायत करने लगीं. इसी दौरान अचानक पूजा उठीं, युवक का मोबाइल छीना और उसके थप्पड़ जड़ दिए.

वीडियो में साफ दिख रहा है कि पूरा हंगामा चौकी प्रभारी के सामने हो रहा था, लेकिन वह मूकदर्शक बने रहे. महिला ने युवक को अपशब्द भी कहे. वायरल वीडियो सामने आने के बाद एसपी ने स्वतः संज्ञान लिया और रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं. सीओ नगर राघवेंद्र सिंह को चौकी परिसर में हुई इस घटना की जांच सौंपी गई है.

पूजा कसौधन ने अभी तक अपना पक्ष रखने से इनकार कर दिया है. उन्होंने कहा कि वह बाद में बयान देंगी. यह घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है और वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है.

Sultanpur News UP Police BJP Leader Beats

Recent News