मध्य प्रदेश के छतरपुर में अधजली हालत में जंजीर से पेड़ पर बंधे मिले युवक युवती के शव, फैली सनसनी

Global Bharat 18 Aug 2024 08:04: PM 1 Mins
मध्य प्रदेश के छतरपुर में अधजली हालत में जंजीर से पेड़ पर बंधे मिले युवक युवती के शव, फैली सनसनी

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के लवकुश नगर में उस वक्त सनसनी का माहौल हो गया जब एक युवक और युवती के जंजीर से बंधे हुए शव अधजली हालत में मिले. यह खबर आग की तरह पूरे नगर में फैल गयी. सूचना मिलने के बाद लवकुश नगर SDOP सहित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच प्रारंभ कर दी है. दोनों मृतकों की शिनाख्त भी हो गयी है.

जानकारी के मुताबिक युवती लवकुश नगर की निवासी है और युवक गौरिहार थाना क्षेत्र के खड्डी गांव का बताया जा रहा है. युवक और युवती के शव जंजीर से बंधे हुए हैं और ताले से जंजीर को बांधा गया है. घटना स्थल के पास दोनों के मोबाइल और एक इयरफोन भी रखा मिला है. साथ ही युवती का पर्स भी मौके पर मौजूद मिला है और कुछ पैसे वही बिखरे पड़े मिले हैं.

घटना को अलग-अलग नजरिया से देखा जा रहा है. जहां इस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है, तो वहीं ऑनर किलिंग को लेकर इस घटना की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता है.

फिलहाल पुलिस का कहना है कि दोनों युवक-युवती की शिनाख्त हो गई है और पुलिस गहनता से विभिन्न पहलुओं पर जांच में जुट गई है. मृतिका लवकुश नगर के वार्ड नंबर 15 की निवासी बताई जा रही है, जो देर शाम से घर से बाहर गई थी और वापस नही लौटी और उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी थाने में आज सुबह परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई थी.

Recent News