नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक प्राइवेट बस और ग्रेवल भरे टिपर ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हो गए. बस में 37 से अधिक यात्री सवार थे. टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई, जिसमें कई लोग जलकर मर गए.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस तेलंगाना के जगित्याल से आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले के कलिगिरि जा रही थी. दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चला है और इसकी जांच की जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तुरंत कई रेस्क्यू टीमों को मौके पर भेजा. स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू टीमों ने बस में फंसे कई लोगों को आग लगने के बाद बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
मार्कापुरम के पुलिस अधीक्षक (SP) वी. हर्षवर्धन राजू ने बताया, "हमने 23 घायलों को अस्पताल पहुंचाया है. घटना की पूरी जानकारी जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं." टिपर लॉरी के ड्राइवर को भी चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. रेस्क्यू टीमें मृतकों के परिजनों का पता लगाने का काम भी कर रही हैं. सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा.
सीएम नायडू ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है. उन्होंने अधिकारियों से बात की और घायलों को पर्याप्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कराने और रिपोर्ट सौंपने के निर्देश भी दिए.