हल्द्वानी/नई दिल्ली: उत्तराखंड के रामनगर निवासी मर्चेंट नेवी कैप्टन अजय पंत ब्रिटेन में हिरासत में हैं. रूस से भारत आते हुए इंग्लिश चैनल पार करते समय उनके जहाज को यूके की सीमा में अवैध घुसपैठ का आरोप लगाते हुए ब्रिटिश अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. 38 वर्षीय अजय पंत टैंकर SMYRTOS के कप्तान हैं.
ब्रिटेन ने इस जहाज को रूसी शैडो फ्लीट का हिस्सा बताते हुए जब्त कर लिया. जहाज पर 98,000 टन रूसी तेल होने का आरोप है, जो सैंक्शंस का उल्लंघन माना जा रहा है. कैप्टन अजय पंत की पत्नी रितु पंत ने सोशल मीडिया पर भारत सरकार और विदेश मंत्रालय (MEA) से रोते हुए अपील की है. उन्होंने लिखा, ''मेरे पति बेगुनाह हैं... उन्होंने कंपनी के निर्देशों का पालन किया था. जहाज के मालिकाना हक में उनकी कोई भूमिका नहीं है. कृपया उन्हें बचाइए और सुरक्षित भारत वापस लाइए.''
परिवार में मां-पिता और पत्नी बेहद परेशान हैं. अजय पंत मूल रूप से नैनीताल जिले के रामनगर के रहने वाले हैं. जहाज रूस से भारत आ रहा था. इंग्लिश चैनल पार करते समय ब्रिटिश सशस्त्र बलों (Royal Marines) ने कमांडो ऑपरेशन चलाकर जहाज को रोका. अजय पंत पर रूसी प्रतिबंधित तेल की सप्लाई का आरोप लगा है.
ब्रिटेन की अदालत में उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया है. स्थानीय पुलिस और खुफिया विभाग को इसकी आधिकारिक जानकारी मीडिया से ही मिली. पुलिस परिवार से संपर्क कर MEA के माध्यम से आगे की कार्रवाई कर रही है.