सीतामढ़ी: NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा के दौरान बिहार के सीतामढ़ी जिले में एक अनोखा और चर्चित दृश्य देखने को मिला. एक जेल कैदी को हथकड़ी लगाकर भारी पुलिस सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्र पर लाया गया, जिससे पूरे सेंटर पर हड़कंप मच गया.
कमला गर्ल्स स्कूल, डुमरा स्थित NEET परीक्षा केंद्र पर रविवार को यह घटना हुई. कन्हौली थाना क्षेत्र के बगहा गांव निवासी अफजद अंसारी पिछले 15 दिनों से मारपीट के एक मामले में मंडल कारा, सीतामढ़ी में न्यायिक हिरासत में था.
कोर्ट की विशेष अनुमति
अफजद ने पहले ही NEET का फॉर्म भर रखा था. परिवार की गुहार और कोर्ट की विशेष अनुमति के बाद उसे परीक्षा में बैठने की इजाजत दी गई. पुलिस अभिरक्षा में हथकड़ी पहनाकर उसे परीक्षा केंद्र लाया गया, जहां उसने परीक्षा दी. परीक्षा समाप्त होने के बाद उसे तुरंत वापस जेल भेज दिया गया.
घटना के दौरान आसपास भारी भीड़ जुट गई और कई लोगों ने इस दृश्य के फोटो-वीडियो भी बनाए. सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह ने स्वयं सेंटर का जायजा लिया. यह मामला शिक्षा और कानून व्यवस्था के बीच संतुलन का अनोखा उदाहरण बन गया है.