अयोध्या: राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों को लेकर चल रहे विवाद के बीच अयोध्या से बड़ी खबर सामने आई है. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े दो प्रमुख पदाधिकारियों, चंपत राय और अनिल मिश्रा ने अपने पदों से इस्तीफा सौंप दिया है. जानकारी के मुताबिक दोनों नेताओं ने अपना इस्तीफा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नित्य गोपाल दास को सौंप दिया है.
बताया जा रहा है कि इस्तीफा स्वीकार होने के बाद चंपत राय और अनिल मिश्रा को ट्रस्ट से जुड़े सभी प्रशासनिक और संगठनात्मक कार्यों से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया गया है. यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब राम मंदिर के चढ़ावे और उससे जुड़े वित्तीय मामलों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं और मामले की जांच की मांग भी तेज हो गई है.
हाल के दिनों में इस मुद्दे ने राजनीतिक रंग भी ले लिया था. विपक्षी दलों ने ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता की मांग की थी. वहीं, ट्रस्ट की ओर से पहले सभी आरोपों को निराधार बताया जाता रहा है. अब दोनों प्रमुख पदाधिकारियों के इस्तीफे ने पूरे मामले को नई दिशा दे दी है.
फिलहाल ट्रस्ट की ओर से इस्तीफे के कारणों पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि दोनों के स्थान पर नई जिम्मेदारी किसे सौंपी जाएगी.
अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े इस घटनाक्रम पर राजनीतिक और धार्मिक दोनों स्तरों पर नजरें टिकी हुई हैं. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ट्रस्ट की ओर से इस पूरे मामले पर विस्तृत स्पष्टीकरण जारी किया जा सकता है. फिलहाल, इस्तीफे की खबर ने अयोध्या समेत पूरे देश में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।