चंपत राय का इस्तीफा मंजूर, बजरंग बागड़ा संभालेंगे राम मंदिर ट्रस्ट में महासचिव की कमान

Global Bharat 06 Jul 2026 04:58: PM 1 Mins
चंपत राय का इस्तीफा मंजूर, बजरंग बागड़ा संभालेंगे राम मंदिर ट्रस्ट में महासचिव की कमान

Ayodhya Ram Mandir News : श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लिया गया है. लंबे समय से ट्रस्ट के महासचिव रहे चंपत राय का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है. उनकी जगह अब बजरंग बागड़ा को ट्रस्ट का नया महासचिव बनाया गया है. महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में हुई बैठक में ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी ने एजेंडा सदस्यों के सामने रखा.

इसी दौरान चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर विचार का प्रस्ताव पेश किया गया. विस्तृत चर्चा के बाद चंपत राय का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया और नए महासचिव के रूप में बजरंग बागड़ा के नाम पर सहमति बनी.

चंपत राय लंबे समय से श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव के रूप में कार्यरत थे. राम मंदिर निर्माण से लेकर ट्रस्ट के प्रशासनिक और संगठनात्मक कार्यों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. अब उनके पद छोड़ने के बाद ट्रस्ट की जिम्मेदारी नए नेतृत्व के हाथों में जाएगी.

सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट की बैठक में भविष्य की योजनाओं, मंदिर परिसर के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा जारी है. वहीं, ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे को लेकर भी बैठक में मंथन हुआ है, हालांकि इस पर अंतिम आधिकारिक निर्णय का इंतजार है.

राम मंदिर ट्रस्ट में हुआ यह नेतृत्व परिवर्तन अयोध्या और देशभर के श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. अब सभी की नजर ट्रस्ट की ओर से जारी होने वाली आधिकारिक घोषणा और आगे की रणनीति पर टिकी है.

Ram Mandir Trust Champat Rai Resignation Bajrang Bagda Ram Mandir Trust New General Secretary Ayodhya Ram Mandir Trust

Description of the author

Recent News