चंदौली : पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग बनाकर दबंगई दिखाने और आपराधिक गतिविधियों का प्रचार करने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है. पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर 1 जून से 5 जून तक चलाए गए विशेष अभियान ऑपरेशन बज्रपात के तहत जिलेभर में व्यापक कार्रवाई की गई.
पुलिस जांच में ऐसे 64 गैंग चिन्हित किए गए जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो साझा कर अपनी आपराधिक छवि बना रहे थे. कई मामलों में युवाओं द्वारा गैंग के नाम से समूह बनाकर कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री पोस्ट की जा रही थी. अभियान के दौरान 49 मुकदमे दर्ज किए गए और कुल 187 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। इनमें चार आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है.
एसपी आकाश पटेल ने बताया कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर युवाओं को अपराध की ओर प्रेरित करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ऐसे समूहों और गतिविधियों से दूर रहें तथा अपने भविष्य को प्राथमिकता दें. पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य सोशल मीडिया पर बढ़ती आपराधिक प्रवृत्तियों पर रोक लगाना और युवाओं को अपराध के रास्ते पर जाने से बचाना है.