विजयवाड़ा: आंध्र प्रदेश की चंद्रबाबू नायडू सरकार ने जनसंख्या बढ़ाने के लिए अनोखी योजना शुरू की है. मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घोषणा की है कि तीसरे बच्चे के जन्म पर परिवार को 30,000 रुपए और चौथे बच्चे के जन्म पर 40,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. श्रीकाकुलम जिले में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम नायडू ने कहा, ''मैंने एक नया निर्णय लिया है.
तीसरे बच्चे के जन्म के तुरंत बाद 30,000 रुपए और चौथे बच्चे पर 40,000 रुपए दिए जाएंगे. उन्होंने पूछा कि क्या यह सही निर्णय नहीं है. इससे पहले सरकार ने दूसरे बच्चे पर 25,000 रुपए देने का प्रस्ताव रखा था. अब तीसरे और चौथे बच्चे के लिए भी प्रोत्साहन राशि बढ़ा दी गई है. मुख्यमंत्री का कहना है कि लोग बच्चों को बोझ समझने लगे हैं, जबकि बच्चे एक संपत्ति हैं. इस मानसिकता को बदलना जरूरी है.
क्यों ली जा रही है यह पहल?
आंध्र प्रदेश समेत दक्षिण भारत के कई राज्यों में जनसंख्या वृद्धि दर तेजी से घट रही है. नायडू ने चेतावनी दी कि अगर प्रजनन दर 2.1 बच्चे प्रति महिला तक नहीं पहुंची तो भविष्य में जनसंख्या घटने का खतरा है. इससे अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ सकता है. उत्तर भारत की तेज जनसंख्या वृद्धि और लोकसभा परिसीमन की चर्चाओं के बीच दक्षिण के राज्यों में यह मुद्दा काफी संवेदनशील बन गया है.
चंद्रबाबू नायडू इसे लेकर सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. यह योजना राज्य में गिरती जन्म दर को बढ़ावा देने और युवा आबादी को मजबूत करने की दिशा में सरकार का एक बड़ा कदम मानी जा रही है. योजना के क्रियान्वयन और शर्तों की विस्तृत जानकारी जल्द ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी की जाएगी.