हरिद्वार: मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की अस्थियों का विसर्जन शनिवार को हरिद्वार के हरकी पैड़ी स्थित वीआईपी घाट पर किया गया. इस दौरान एक मार्मिक और हृदयविदारक दृश्य देखने को मिला, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं. दिवंगत प्रतीक यादव की सात वर्षीय बेटी पद्मजा लखनऊ से अपने पिता के लिए हाथ से बनाया एक खास कार्ड लेकर आई थी.
प्रतीक यादव की छोटी बिटिया पद्मजा पिता के अस्थि विसर्जन में फूट फूट कर रोने लगी तो आदित्य यादव ने संभाला... pic.twitter.com/ebjhyldpXr
— Himanshu (@rjanshyadav) May 16, 2026
कार्ड पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा था ''आई लव यू पापा''. पूरे अस्थि विसर्जन कार्यक्रम के दौरान छोटी पद्मजा उस कार्ड को अपने सीने से लगाए रही. कभी वह गंगा की ओर एकटक देखती, तो कभी फूट-फूटकर रो पड़ती. अंत में कांपते हाथों से उसने वह कार्ड भी मां गंगा में प्रवाहित कर दिया. यह नजारा देखकर वहां मौजूद सभी लोग भावुक हो गए.
मां अपर्णा यादव खुद गहरे शोक में डूबी हुई थीं, लेकिन बार-बार अपनी बेटी को संभालने की कोशिश करती रहीं. बड़ी बेटी प्रथमा भी चुपचाप अपनी छोटी बहन को ढांढस बंधाती नजर आई. योग गुरु बाबा रामदेव भी इस मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.
प्रतीक यादव का निधन 13 मई को दिल और फेफड़ों से जुड़ी बीमारी के कारण हुआ था. उनके निधन के बाद से पूरा परिवार गहरे दुख में है. यह मासूम बेटी का पिता के प्रति निश्छल प्यार और बिछड़ने का दर्द देखकर पूरे घाट पर शोक की लहर दौड़ गई. एक छोटी सी बच्ची का यह कार्ड लंबे समय तक लोगों के दिलों में याद रहने वाला है.