कोलकाता : पश्चिम बंगाल में चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच कर रही CBI को एक और बड़ी सफलता मिली है. केंद्रीय एजेंसी ने वाराणसी से विनय राय उर्फ पमपम नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में नए खुलासों की उम्मीद बढ़ गई है.
गिरफ्तार किया गया विनय राय गाजीपुर जिले के देवरिया गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. उसकी उम्र करीब 40 वर्ष है और वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है. CBI की टीम ने उसे वाराणसी से पकड़ने के बाद सीजेएम कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने दो दिन की रिमांड मंजूर कर दी. रिमांड मिलने के बाद एजेंसी आरोपी को अपने साथ पश्चिम बंगाल लेकर रवाना हो गई. जांच एजेंसियों के मुताबिक विनय राय पर हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और कई अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं. उसका नाम पहले भी हथियार तस्करी से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है. इसी मामले में वह तिहाड़ जेल भी जा चुका है. माना जा रहा है कि आरोपी का आपराधिक नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है.
CBI अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर चंद्रनाथ रथ की हत्या के पीछे किसका मास्टरमाइंड था और सुपारी किसने दी थी. फिलहाल जांच एजेंसी ने इस संबंध में किसी बड़े नाम का खुलासा नहीं किया है. हालांकि, सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां हाथ लग सकती हैं. चंद्रनाथ रथ हत्याकांड को लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीति पहले से गर्म है. ऐसे में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में राजनीतिक और आपराधिक गठजोड़ की जांच भी तेज होने की संभावना जताई जा रही है.