लुधियाना में आयोजित सरस मेले में सरताज के शो के दौरान मचा हंगामा, SHO के साथ हुई हाथापाई

Global Bharat 14 Oct 2025 01:23: PM 1 Mins
लुधियाना में आयोजित सरस मेले में सरताज के शो के दौरान मचा हंगामा, SHO के साथ हुई हाथापाई

नई दिल्ली: लुधियाना के पीएयू में चल रहे सरस मेले में सोमवार की रात सूफी सिंगर सतिंदर सरताज का शो हुआ, जहां जमकर हंगामा हुआ. शो देखने आए लोगों ने सरकारी प्रापर्टी के साथ जमकर खिलवाड़ किया. लोग फायर ब्रिगेड की गाड़ियों पर चढ़ गए. मेले में पड़ी कुर्सियां तक तोड़ दी. कानून व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई. एक व्यक्ति ने थाना डिवीजन नंबर 4 के SHO गगनदीप के साथ हाथापाई तक कर दी.

वायरल वीडियो में, एक व्यक्ति सरताज के शो में जाने लगता है, लेकिन उसे पुलिस अधिकारी रोक देते हैं. इतने में SHO के साथ उसकी बहस और हाथापाई हो जाती है. युवक एसएचओ की वर्दी तक पर हाथ डाल देता है. कहता है कि तुम्हारी फीतियां में उतरवा कर रहूंगा. इसे लेकर देर तक हंगामा हुआ. 

सरस मेला के आयोजक ने बताया कि सिंगर सरताज का 13 अक्टूबर की रात को कार्यक्रम था. हालांकि यह पहले 10 अक्टूबर को होना था. मगर, सिंगर ने 10 अक्टूबर को करवा चौथ होने की वजह से इसे रि-शेड्यूल कराया था. इसके बाद उनका कार्यक्रम 13 अक्टूबर को रखा गया था. 10 अक्टूबर से पहले ही कार्यक्रम के सभी टिकट बुक हो गए थे. प्रोग्राम रि-शेड्यूल होने पर प्रशासन ने साफ कर दिया था कि जिन लोगों ने 10 अक्तूबर के लिए टिकट बुक किया था वो 13 अक्तूबर को शिफ्ट कर दी जाएगी.

तय शेड्यूल के अनुसार 13 अक्टूबर की रात को सिंगर सरताज सरस मेला पहुंचे और अपने गीतों का जलवा बिखेरा. सिंगर को देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिसे संभालने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी. मगर, इसी दौरान एक व्यक्ति ने ड्यूटी पर तैनात थाना डिवीजन नंबर 4 के SHO गगनदीप के साथ हाथापाई तक कर दी. उनकी वर्दी तक पर हाथ डाल दिया. इसे लेकर खूब हंगामा हुआ. इसका वीडियो भी सामने आया, जिसमें युवक एसएचओ को धक्का देता नजर आ रहा है.

Ludhiana Satinder Sartaj Saras Mela

Description of the author

Recent News