नई दिल्ली :चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के वेस्टर्न थिएटर कमांड ने एक सैन्य अभ्यास का वीडियो जारी किया है, जिसमें भारत के अत्याधुनिक S-400 एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाने की प्रैक्टिस दिखाए जाने का दावा किया गया है. वीडियो में चीन के PCL-191 मल्टीपल लॉन्च रॉकेट सिस्टम (MLRS) का उपयोग करते हुए S-400 से जुड़े 92N6E फायर-कंट्रोल रडार पर सटीक हमला करने का अभ्यास प्रदर्शित किया गया है.
जानकारी के अनुसार, इस अभ्यास में 370 मिमी हाई-प्रिसिजन गाइडेड रॉकेट का इस्तेमाल किया गया, जिसमें 'एयर-बर्स्ट' तकनीक मौजूद है. यह रॉकेट लक्ष्य के बेहद करीब पहुंचकर हवा में विस्फोट करता है, जिससे बड़े क्षेत्र में घातक छर्रे फैलते हैं और रडार के एंटीना, सेंसर तथा खुले उपकरणों को अधिकतम नुकसान पहुंचाने का उद्देश्य होता है.
विशेषज्ञों का मानना है कि आधुनिक युद्ध में दुश्मन के एयर डिफेंस नेटवर्क को निष्क्रिय करना किसी भी सैन्य अभियान का अहम हिस्सा होता है. इसी रणनीति के तहत चीन ने इस अभ्यास में S-400 के फायर-कंट्रोल रडार को प्राथमिक लक्ष्य के रूप में दिखाया है.
भारत का S-400 एयर डिफेंस सिस्टम दुनिया के सबसे उन्नत रक्षा प्रणालियों में गिना जाता है. यह लंबी दूरी से लड़ाकू विमान, बैलिस्टिक मिसाइल, क्रूज मिसाइल और ड्रोन जैसे हवाई खतरों को ट्रैक कर उन्हें नष्ट करने में सक्षम है. पिछले वर्ष ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी इसकी क्षमताओं की व्यापक चर्चा हुई थी.
हालांकि, चीन द्वारा जारी वीडियो एक सैन्य अभ्यास का हिस्सा है और इससे किसी वास्तविक सैन्य कार्रवाई की पुष्टि नहीं होती. रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि आधुनिक युद्ध में ऐसी सैन्य ड्रिल और प्रचारात्मक वीडियो रणनीतिक संदेश देने के उद्देश्य से भी जारी किए जाते हैं. फिलहाल भारत की ओर से इस वीडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.