नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को ऐलान किया कि जल्द ही “जंतर-मंतर सीजन 2” शुरू होने वाला है. पार्टी ने हाल ही में नीट पेपर लीक मुद्दे पर 36 दिन का प्रदर्शन समाप्त किया था और अब नए आंदोलन की तैयारी में है. अभिजीत दीपके ने दिल्ली के नारायणा में स्वयंसेवकों की बैठक रद्द होने के बाद यह बात कही.
उन्होंने आरोप लगाया कि बैंक्वेट हॉल के मालिक ने आखिरी समय में बुकिंग रद्द कर दी क्योंकि उन्हें ऊपर से दबाव डाला गया. दीपके का कहना है कि बीजेपी के दबाव के कारण कई जगहों पर उन्हें जगह नहीं मिल रही. उन्होंने कहा, ''इंस्टाग्राम पर कई लोग पूछ रहे थे कि जंतर-मंतर का सीजन 2 कब शुरू होगा. मैं बताना चाहता हूं कि सीजन 2 बहुत जल्द शुरू होने वाला है.''
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि जगह मालिकों को धमकी दी गई कि अगर CJP की मीटिंग होने दी तो उन्हें उल्टा लटका दिया जाएगा. दीपके ने कहा कि बीजेपी देश के युवाओं से डरती है और ऐसे छोटे-मोटे दबाव से वे नहीं डरने वाले. बीजेपी की तरफ से अभी तक इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि पार्टी अब देशव्यापी “लिसनिंग टूर” शुरू करेगी, जिसमें जनता की बात सुनी जाएगी. स्वतंत्रता दिवस से शिक्षा के मुद्दे को प्राथमिकता दी जाएगी.
उन्होंने कहा कि यही सीजन 2 है और पूरे देश में अक्षम सरकारों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. याद रहे, CJP ने नीट पेपर लीक के मुद्दे पर जंतर-मंतर पर 36 दिन का लंबा आंदोलन चलाया था, जिसमें छात्र, युवा और विपक्षी नेता शामिल हुए थे. 25 जुलाई को सरकार से बातचीत के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया था. अब पार्टी संगठनात्मक रूप से आगे बढ़ रही है.