CM Yogi Adityanath Targets Congress in Haryana: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ...1947 में देश की आजादी के बाद अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण तत्काल होना चाहिए था. विवाद भी नहीं था. कांग्रेस की सरकार चाहती तो तत्काल निर्णय लेती... कांग्रेस ने विवाद खड़ा करके बैरियर खड़े करवाए... कांग्रेस जिस समस्या का समाधान 65 वर्षों में नहीं कर पाई... 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी और 2019 में राम मंदिर विवाद सदा के लिए समाप्त हो गया... कांग्रेस 'समस्या' का नाम है. देश की जितनी भी समस्या है वो सब कांग्रेस ने दी है... देश को जाति, क्षेत्र, भाषा के नाम पर कमजोर करने की चेष्टा हो रही है... यह सब कांग्रेस की देन है. कांग्रेस देश की समस्या का नाम है और भाजपा केवल समाधान है.
इससे पहले शनिवार को योगी आदित्यनाथ ने हरियाणा के यमुना नगर इलाके में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर प्रकाश डाला और कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान पिछले साढ़े सात साल में राज्य में कोई दंगा नहीं हुआ है और दंगाई या तो जेल में हैं या नरक में चले गए हैं. यमुना के उस पार उत्तर प्रदेश है, साढ़े सात साल पहले वहां क्या स्थिति थी? हर तीन दिन में दंगे होते थे.
कई महीनों तक कर्फ्यू लगा रहता था. न व्यापारी सुरक्षित थे, न बेटियां, लेकिन इन साढ़े सात सालों में प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ. 'दंगाई या तो जेल के अंदर हैं या जहन्नुम की यात्रा पर जा चुके हैं'. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ कांग्रेस है, जो समस्याएं देती है और दूसरी तरफ भाजपा है, जो समाधान देती है.
कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद 60 साल तक राज किया और देश को आतंकवाद, नक्सलवाद, भ्रष्टाचार और जातिवाद जैसी समस्याएं ही दीं. जब देश 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' के साथ आगे बढ़ रहा है, तो हमें समस्याओं की खोज करने वाली कांग्रेस को स्वीकार नहीं करना चाहिए. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा राहुल गांधी उत्तर प्रदेश आएंगे तो हरियाणा की आलोचना करेंगे, अगर वे केरल जाएंगे तो उत्तर प्रदेश की आलोचना करेंगे और जब वे विदेश जाएंगे तो भारत की आलोचना करेंगे.