CM योगी ने बहराइच के भेड़िए से की चाचा-भतीजा की तुलना, इशारों-इशारों में अखिलेश-शिवपाल पर साधा निशाना

Global Bharat 04 Sep 2024 04:03: PM 1 Mins
CM योगी ने बहराइच के भेड़िए से की चाचा-भतीजा की तुलना, इशारों-इशारों में अखिलेश-शिवपाल पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा चयनित 1,334 जूनियर इंजीनियरों, कंप्यूटर तकनीशियनों और फोरमैन को नियुक्ति पत्र वितरित किए. इस दौरान CM योगी ने समाजवादी पार्टी नेता अखिलेश यादव और शिवपाल यादव पर जोरदार हमला किया और चाचा-भतीजा की तुलना बहराइज के भेड़िए से कर दी. राजधानी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में CM योगी ने अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव पर कटाक्ष करते हुए उन पर अपनी सरकार के दौरान "वसूली" करने का आरोप लगाया.

CM योगी ने कहा कि लोगों को पहले नियुक्ति पत्र क्यों नहीं मिले? इसका कारण यह था कि उनकी नीयत साफ नहीं थी. 'चाचा-भतीजा' सिर्फ 'वसूली' करने की होड़ में लगे हुए थे. CM योगी ने 2012 से 2017 तक यूपी में अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सरकार के "आतंक" की तुलना भेड़ियों के हालिया आतंक से की. बता दें कि बहराइच जिले में भेड़ियों ने 10 लोगों की जान ले ली है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा सरकार के दौरान क्षेत्रों को विभाजित किया गया था, जैसे आदमखोर भेड़ियों ने राज्य के कुछ जिलों में आतंक फैलाया है. 2017 से पहले भी यही स्थिति थी. ये लोग भी इसी तरह से पैसे वसूल कर उत्पात मचाते थे. इनके पास महाभारत के सभी पात्र थे, चाचा-भतीजा, सभी रंगदारी के लिए निकल पड़ते थे. जब उन्हें मौका मिला तो उन्होंने पैसे वसूले.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब वे जो भी बोलें, लोगों को उन पर भरोसा नहीं करना चाहिए, वे बोलेंगे क्योंकि उनके पास करने के लिए और कुछ नहीं है. लोगों ने उन्हें देखा है, उनकी गुंडागर्दी देखी है. सीएम योगी ने आगे दावा किया कि उनकी सरकार के दौरान विपक्ष ने उत्तर प्रदेश में दंगे भड़काए और लोगों को एक-दूसरे से लड़वाया, वर्षों तक उत्तर प्रदेश दंगों की आग में जलता रहा.

इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने राज्य के 18 कमिश्नरेट में 18 फुटबॉल स्टेडियम बनाने की योजना की घोषणा की. खेल को और बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में फुटबॉल की पर्याप्त सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए राज्य भर में हर ब्लॉक में 827 फुटबॉल मैदान तैयार किए जाएंगे, जिससे अधिक टूर्नामेंटों की मेजबानी को बढ़ावा मिलेगा.

Recent News