Complaint filed against TMC MP Mahua Moitra in Ghaziabad: गाजियाबाद में तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई गई है. यह शिकायत सामाजिक संगठन “जनशक्ति एक आवाज” के पदाधिकारियों ने पुलिस कमिश्नरेट में दी है. आरोप है कि उन्होंने एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की.
शिकायत में कहा गया है कि डॉ. अजयपाल शर्मा, जिन्हें पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान पुलिस ऑब्जर्वर के रूप में तैनात किया गया था, ने चुनाव के समय एक उम्मीदवार द्वारा मतदाताओं को धमकाने की शिकायत पर कार्रवाई की थी. इस दौरान उन्होंने कथित तौर पर संबंधित प्रत्याशी को कड़ी चेतावनी दी, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर फैल गया.
आरोप है कि इस घटना के बाद राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आई और इसी क्रम में सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुछ पुराने वीडियो और टिप्पणियां साझा कीं. शिकायतकर्ताओं का दावा है कि इन सामग्रियों से आईपीएस अधिकारी की प्रतिष्ठा पर नकारात्मक असर डालने की कोशिश की गई, जबकि संबंधित मामलों में पहले ही जांच के बाद उन्हें क्लीनचिट मिल चुकी है.
संगठन का यह भी कहना है कि साझा किए गए कंटेंट में आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे एक वरिष्ठ अधिकारी की सार्वजनिक छवि प्रभावित हुई. पुलिस ने शिकायत को दर्ज कर लिया है और मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कही है.