कांग्रेस नेता शशि थरूर के PA को दिल्ली एयरपोर्ट पर पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानें क्या है मामला?

Global Bharat 30 May 2024 03:20: PM 1 Mins
कांग्रेस नेता शशि थरूर के PA को दिल्ली एयरपोर्ट पर पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानें क्या है मामला?

कांग्रेस नेता शशि थरूर नए विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं. दरअसल, थरूर के पर्सनल असिस्टेंट (PA) शिव कुमार प्रसाद को सोने की तस्करी के मामले में दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि शिवकुमार एयरपोर्ट में अपने किसी आदमी से विदेश से लाए गोल्ड का हैंड ओवर ले रहा था.

इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया. इस मामले में पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से कुल 500 ग्राम सोना बरामद किया गया है. दरअसल, शिव कुमार प्रसाद दुबई से आए एक व्यक्ति को रिसीव करने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट आया था. दोनों लोगों को तब गिरफ्तार किया गया जब यात्री प्रसाद को लगभग 500 ग्राम सोना सौंपने की कोशिश कर रहा था.

मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिल रही है कि शिव कुमार प्रसाद के पास हवाई अड्डा प्रवेश परमिट कार्ड है जो उन्हें हवाईअड्डा परिसर तक पहुंचने की इजाजत देता है. उन्होंने हवाईअड्डा परिसर में प्रवेश किया और यात्री के साथ पकड़े जाने पर उन्हें एक पैकेट मिला.

इस मामले को लेकर सीमा शुल्क अधिकारियों ने कहा कि प्रसाद और यात्री दोनों को पकड़ा गया है और जांच की जा रही है. वहीं शशि थरूर ने इस मामले पर हैरानी जताते हुए सोशल मीडिया ''एक्स'' पर लिखा कि मैं अपने एक पूर्व स्टाफ से जुड़ी घटना के बारे में सुनकर हैरान रह गया. वह (शिव कुमार प्रसाद) 72 साल के रिटायर्ड व्यक्ति हैं. उनका डायलिसिस होता है.

उन्हें अनुकंपा पर पार्ट टाइम बेसिस पर रखा गया था. मैं मामले की जांच में अधिकारियों का पूरा समर्थन करता हूं. कानून को अपना काम करना चाहिए. वहीं केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने शशि थरूर के कथित सहयोगी की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस और सीपीएम की आलोचना करते हुए उन्हें सोने के तस्करों का गठबंधन करार दिया है.

चंद्रशेखर ने भी ''एक्स'' पर लिखा कि पहले मुख्यमंत्री सचिव सोने की तस्करी में शामिल थे, अब कांग्रेस सांसद के पीए को सोने की तस्करी के लिए हिरासत में लिया गया. सीपीएम और कांग्रेस- दोनों आईएनडीआई गठबंधन सहयोगी- सोने के तस्करों का गठबंधन है.

Recent News