जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव को लेकर BJP के बाद अब कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) पार्टी ने भी अपनी स्थित साफ कर दी है. कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर में NC के साथ गठबंधन किया है. इसी बीच आज ऐलान किया गया है कि कांग्रेस प्रदेश की 32 सीटों पर और NC 51 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. साथ ही 5 सीटों पर दोनों अपने-अपने प्रत्याशी उतारेंगे, जिसे फ्रेंडली फाइट करार दिया गया है.
इसे लेकर जम्मू-कश्मीर कांग्रेस प्रमुख तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि NC 51 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, कांग्रेस 32 पर और हम पांच सीटों पर मैत्रीपूर्ण लेकिन अनुशासित मुकाबला करेंगे. इन 88 सीटों के अलावा एक सीट CPI (M) और एक सीट पैंथर्स पार्टी के लिए छोड़ी गई है. इसी बीच कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने भाजपा पर निशाना साधा है.
उन्होंने कहा कि बीजेपी जम्मू-कश्मीर की आत्मा को नष्ट करने की कोशिश कर रही है. हमारे समझौते का मुख्य उद्देश्य जम्मू-कश्मीर की आत्मा को बचाना है, इसलिए कांग्रेस और NC ने मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. जम्मू-कश्मीर में एक ऐसी सरकार बनाने के लिए एक साथ आ रहे हैं जो जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ पूरी तरह से खड़ी रहेगी. उन्होंने कहा कि हम जम्मू-कश्मीर में जीतेंगे और सरकार बनाएंगे.
जानकारी मिली है कि NC के उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला गांदरबल से चुनाव लड़ेंगे. यह घोषणा सांसद सैयद रुहुल्ला मेहदी और पार्टी के संभागीय अध्यक्ष नासिर असलम वानी ने की थी. बता दें कि लंबे समय से उमर यह बात कह रहे थे कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन इसी बीच उन्होंने मन बदल लिया और चुनाव लड़ने पर सहमति जताई. उमर अब्दुल्ला 2009 से 2015 तक जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री रहे थे.