नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन के दौरान कनॉट प्लेस में एक कश्मीरी मुस्लिम युवक को कथित तौर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीटने का आरोप लगा है. युवक ने खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थक बताया है.
श्रीनगर के रहने वाले फहीम नाजिर ने मीडिया से कहा कि वे उस रेस्तरां के बाहर पहुंचे थे जहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्षी सांसदों को लंच पर आमंत्रित किया था. उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार, ईवीएम और मोदी के समर्थन में बात करने पर उन्हें बुरी तरह पीटा गया.
फहीम ने रोते हुए कहा, “यह लोकतंत्र है. ऐसे मारा जाता है. मैंने राहुल गांधी को गाली नहीं दी... मैं देश का नागरिक हूं. मेरी जिम्मेदारी है कि देश को नेपाल या बांग्लादेश नहीं बनने दूं.” उन्होंने दावा किया कि ईवीएम पहली बार राजीव गांधी के समय लाए गए थे और विपक्ष जब जीतता है तो वोट चोरी का मुद्दा नहीं उठाता.
कांग्रेस पक्ष का आरोप है कि युवक ने राहुल गांधी को गाली दी थी, जिसे फहीम ने पूरी तरह से नकार दिया. उन्होंने कहा कि पूरा घटनाक्रम मीडिया के कैमरों में कैद है और अगर कोई सबूत दिखाए तो वे माफी मांगने को तैयार हैं.
वे किसी पार्टी से जुड़े नहीं हैं, सिर्फ मोदी के फैन हैं और 2021 में श्रीनगर से दिल्ली पैदल यात्रा भी कर चुके हैं. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जबकि बीजेपी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए इसे उनके ‘कल्चर’ करार दिया है.